बाबा श्याम के दर्शन कर भावुक हुए श्रद्धालु, श्याम कुंड के पवित्र जल से किया आचमन
रायपुर। सामाजिक संस्था ‘एक पहल और’ द्वारा सिंधी समाज के वरिष्ठजनों के लिए आयोजित पांचवीं धार्मिक तीर्थयात्रा का पहला दिन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण रहा। यात्रा के प्रथम दिन प्रात: 7 बजे जयपुर स्थित अमरापुर दरबार से चार बसों के माध्यम से लगभग 175 तीर्थयात्री सालासर बालाजी धाम के लिए रवाना हुए। प्रात: 10:30 बजे सभी श्रद्धालु सालासर बालाजी धाम पहुंचे, जहां भगवान हनुमानजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात संस्था के पदाधिकारी व सदस्य सभी वरिष्ठ तीर्थयात्रियों के साथ श्रीखाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुए।
संरक्षक राजेश वधवानी ने बताया कि दोपहर लगभग 2:30 बजे खाटू श्याम स्थित छत्तीसगढ़ भवन में सभी तीर्थयात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। भोजन के पश्चात छत्तीसगढ़ भवन के प्रबंधन द्वारा सभी वरिष्ठजनों के लिए बाबा खाटू श्यामजी के विशेष (वीआईपी) दर्शन की व्यवस्था कराई गई। तीर्थयात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व पार्षद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह महामंत्री अजीत कुकरेजा ने बताया कि बाबा खाटू श्यामजी के दर्शन करते ही सभी तीर्थयात्रियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। बाबा के दर्शन पाकर अनेक बुजुर्ग श्रद्धालु भावुक हो गए। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर में दर्शन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने पवित्र श्याम कुंड पहुंचकर उसके पावन जल से स्वयं को पवित्र किया। संस्था के संरक्षक राजेश वाधवानी, एनडी गाजवानी, अजय प्रेमचंदानी, रोशन आहूजा, घनश्याम आहूजा एवं अध्यक्ष किशोर देवानी सहित संस्था की पूरी टीम यात्रा के दौरान बुजुर्गों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रख रही है। समाज के वरिष्ठजनों की सेवा एवं उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से आयोजित यह तीर्थयात्रा सेवा, समर्पण, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।