प्रमुख आकर्षण: एलईडी स्क्रीन पर बायोडाटा प्रदर्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ पंजाबी सनातन सभा द्वारा 30वां परिचय सम्मेलन शनिवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में सागर, जबलपुर, बस्तर, ओडिशा, नागपुर, भोपाल, चेन्नई आदि समेत प्रदेशभर से आए पंजाबी परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस वर्ष सम्मेलन में लगभग 220 विवाह योग्य युवक-युवतियों के पंजीयन हुए, जिन्होंने समाज के समक्ष अपना परिचय डिजिटल माध्यम से दिया।
सभा के अध्यक्ष सतिंदर कोहली महासचिव राजीव विग, सचिव अश्विनी विग, मीडिया प्रभारी रोहित अरोड़ा, कार्यक्रम प्रभारी के.सी. अग्रवाल व हरीश जग्गी ने बताया कि परिवारों की सुविधा के लिए पंजीयन एवं रसीद वितरण के लिए पृथक काउंटर बनाए गए थे। बड़े एलईडी स्क्रीन पर पंजीकृत युवक-युवतियों के बायोडाटा एवं आवश्यक विवरण प्रदर्शित किए जा रहे थे, जो इस बार इस सम्मेलन की विशेष पहल रही। परिवारों ने स्क्रीन पर प्रदर्शित जानकारी से अपनी रुचि के अनुसार परिचय प्राप्त किए। कई परिवारों ने विवरण की तस्वीरें मोबाइल में सुरक्षित कीं, तो कई ने कागज पर जानकारी नोट की। इस आधुनिक पहल से सम्मेलन की उपयोगिता और भी बढ़ गई।
महिला मंडल की रही अहम भूमिका
महिला मंडल की सदस्यों ने हेल्प डेस्क पर बैठकर आए हुए परिवारों को पंजीयन एवं परिचय प्रक्रिया में मार्गदर्शन दिया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विभिन्न प्रदेशों से आए अभिभावकों ने इस आयोजन की दिल खोल कर प्रशंसा की और आयोजकों का आभार प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम संयोजक करमचंद अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभा के पदाधिकारियों-सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महती भूमिका निभाई। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष सतिंदर कोहली, यूथ विंग अध्यक्ष विवेक साहनी, संरक्षक सुनील डोगर, जवाहर खन्ना, कोषाध्यक्ष विकास मोदी, उपाध्यक्ष विकास विग, यूथ विंग संरक्षक एवं मीडिया प्रभारी रोहित अरोड़ा, महिला मंडल अध्यक्ष अलका मोदी, महिला यूथ अध्यक्ष प्रिया टावरे, संस्कृति सचिव अश्वनी विग सहित समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही प्रदीप जंड, विभूति अरोड़ा, नीलम विग, मिताली गुप्ता, पूजा चोपड़ा, रीना सखूजा, अर्चना डोगर, सनी डोडेजा, राजीव गेरा, मित्तेश कक्कड़ एवं अमित वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भी अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज को जोड़ने की एक सार्थक पहल है। ऐसे आयोजनों से परिवारों के बीच संवाद बढ़ता है और युवक-युवतियों को जीवनसाथी के चयन के लिए एक सकारात्मक एवं विश्वसनीय मंच मिलता है। सम्मेलन में पंजाबी परिवारों का उत्साह और सहभागिता सभा के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है। आयोजकों ने सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी परिवारों, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सभा ने भविष्य में भी समाजहित में ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जाहिर की।





