देश

ब्रह्माकुमारी जीवन में प्रवेश कर रहीं 45 कन्याएं 

कन्याओं के अभिभावकों का भव्य अभिनंदन

माता पिता ने कहा- बेटियों का निर्णय सराहनीय

विश्व कल्याण में कन्याओं को समर्पित करने वाले मां-पिता भाग्यशाली: ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी

रायपुर। ब्रह्माकुमारीज के शांति शिखर परिसर में शनिवार को ब्रह्माकुमारी जीवन अपनाने का निर्णय लेने वाली 45 कन्याओं के अभिभावकों का भव्य अभिनंदन किया गया। आध्यात्मिक गरिमा से परिपूर्ण इस आयोजन में माता-पिता के साथ बड़ी संख्या में उनके परिवारजन उपस्थित थे। संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी इस अवसर पर कहा, विश्व कल्याण के कार्य में अपनी कन्याओं को समर्पित करने वाले माता-पिता वास्तव में परम भाग्यशाली हैं। इन कन्याओं का जीवन साधारण नहीं है। परमात्मा से अविनाशी संबंध जोड़कर ये स्वयं के जीवन से हजारों-लाखों आत्माओं को सुख-शांति का मार्ग दिखाते हुए विश्व परिवर्तन के कार्य में सहयोगी बनेंगी। इन बहनों का जीवन समस्त समाज और विश्व के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि इन बहनों का दृढ़ संकल्प सराहनीय है। वे पवित्रता और मर्यादाओं का पालन करते हुए संस्था के साथ अपने परिवार का नाम भी रोशन करेंगी।

साहस का प्रतीक है आधुनिक मीराओं का समर्पण: ब्रह्माकुमारी मनोरमा

प्रयागराज से आयीं धार्मिक विंग की अध्यक्ष ब्रह्माकुमारी मनोरमा दीदी ने कहा, कलियुग में आधुनिक मीरा के रूप में कन्याओं का परमात्मा के प्रति समर्पण साहस, वीरता और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। समारोह में माउण्ट आबू से आयीं ब्रह्माकुमारी हंसा, गांधीनगर की वरिष्ठ राजयोगिनी कैलाश दीदी, मेरठ से लक्ष्मी एवं मूर्ति, भिलाई की ब्रह्माकुमारी आशा, उज्जैन की ब्रह्माकुमारी उषा, इंदौर की ब्रह्माकुमारी करूणा, रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता, धमतरी की ब्रह्माकुमारी सरिता, जगदलपुर की मंजूषा, बिलासपुर से मंजू और दुर्ग से रीता दीदी सहित देश-विदेश एवं मधुबन से आए अनेक वरिष्ठ भाई-बहन एवं समर्पित कन्याओं के परिजन उपस्थित रहे।

नृत्यनाटिका ‘एक चिट्ठी माता-पिता के नाम’

कार्यक्रम का शुभारंभ बाल कलाकारों की भावपूर्ण नृत्य-नाटिका ‘एक चिट्ठी माता-पिता के नाम’ से हुआ। जिसकी प्रेरणादायी प्रस्तुति ने अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान समर्पित हो रही कन्याओं के माता-पिता का संस्था द्वारा विशेष सम्मान व अभिनंदन किया गया। माता-पिता ने संकल्प पत्र का सामूहिक पाठ करते हुए ईश्वर के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी पुत्रियां विश्व परिवर्तन के इस पावन कार्य में सहयोगी बन रही हैं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी