जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव मनाया गया
रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में जनजातीय गौरव दिवस 2026 एवं वीरांगना शौर्य उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के साथ महान जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने सुआ नृत्य और राउत नाचा की आकर्षक प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। शबरी माता पर आधारित एकल नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं राम आएंगे, राम आएंगे…गीत की प्रस्तुति से सभागार भक्तिमय हो उठा। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
बच्चों ने रंगोली में दिखाई कला प्रतिभा
कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों में उनकी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री केदार कश्यप ने रंगोलियों का अवलोकन कर बच्चों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, अमर शहीद गुंडाधुर, रानी कमलापति के जीवन से वे प्रेरणा लें। अपनी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों पर गर्व करते हुए इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने भी संबोधित कर भगवान बिरसा मुंडा के योगदानों का स्मरण किया।
रायपुर में बनेगा ‘सेवा पार्क’ नागरिक महत्वपूर्ण अवसरों पर कर सकेंगे दान
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता को स्थायी स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा रायपुर में ‘सेवा पार्क’ विकसित किया जाएगा। यहां नागरिक अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे। इस पहल से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक पुरन्दर मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, कलाकार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।



