छत्तीसगढ़

पेंशनधारकों के लिए ईपीएफओ लगा रहा विशेष जीवन प्रमाण पत्र शिविर

रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा विभिन्न जिलों के सभी ईपीएस पेंशनधारकों के लिए खाते में जमा एवं अद्यतन की सुविधा हेतु डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट- डीएलसी) के विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार ये शिविर पेंशनर एसोसिएशन, मजदूर यूनियन तथा स्थानीय पेंशनधारकों की विशेष मांग पर इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में डीएलसी बनवाने से पेंशनधारकों को जीवन प्रमाण पत्र अद्यतन कराने के लिए रायपुर कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। ये शिविर 18 नंवबर को लेबर कॉलोनी सामुदायिक भवन दशहरा मैदान तुलसीपुर रोड राजनांदगांव, 18 व 19 नवंबर को जगदलपुर मुख्य डाकघर जगदलपुर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। शिविर में आधार कार्ड आधारित बायोमेट्रिक एवं फेस आॅथेंटिकेशन प्रणाली द्वारा जीवन प्रमाण पत्र डिजिटल रूप में तुरंत स्वीकार किया जाएगा। शिविर में आने वाले पेंशनधारकों को अपने साथ केवल आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक खाता विवरण तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लेकर आना होगा।

इसके अलावा जो पेंशनधारक किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो पाएं, तो वे अपने नजदीकी डाकघर (पोस्ट आॅफिस), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या अपनी पेंशन बैंक शाखा में जाकर भी अपना जीवन प्रमाण पत्र आॅनलाइन अपडेट करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए डीएलसी पोर्टल (आईपेंशन.एनआईसी.इन) पर विजिट कर सकते हैं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी