छत्तीसगढ़ रायपुर शिक्षा

एनआईटी रायपुर में युवा संगम के तहत किया गया सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन , विभिन्न खेलों का भी किया गया आयोजन

Written by Tukeshwar Lodhi

रायपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में भारत सरकार के कार्यक्रम “एक भारत श्रेष्ठ भारत” युवा संगम के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। एक भारत श्रेष्ठ भारत “युवा संगम” के विचार की परिकल्पना भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत के विभिन्न राज्यों के बीच एक सांस्कृतिक संबंध स्थापित करने हेतु इस योजना की शुरुआत की । एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम मुख्य रूप से उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों और देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के एक्सपोजर टूर आयोजित करने पर केंद्रित है। इसके तहत एनआईटी रायपुर को एनआईटी नागालैण्ड के साथ जोड़ा गया है। इस एक्सपोजर टूर के तहत एनआईटी नागालैण्ड के 42 प्रतिनिधि छतीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं , जहां ये सभी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे और विभिन्न सांस्कृतिक,तकनीकी और मनोरंजन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के तीसरे दिन 17 जून को सभी प्रतिनिधियों को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से भरपूर पर्यटन आकर्षण सिरपुर घुमाने ले जाया गया। सर्वप्रथम सिरपुर के लक्ष्मण मंदिर के मनोरम दृश्यों का सभी ने आनंद लिया। वहां मौजूद टूरिस्ट गाइड ने छ. ग. की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए सिरपुर के इतिहास की व्याख्या की।उन्होंने बताया यह मंदिर पूर्णत: वास्तु शास्त्र के अनुसार बनाया गया है। इस मंदिर में सनातन धर्म के अवतारों और अनेक हिंदू देवी–देवताओं के शिलालेख तथा मूर्तियां उपस्थित है। यहां नारी के महत्व को भी दर्शाया गया है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम की इसी कड़ी में 17 जून को एनआईटी रायपुर में नागालैंड के प्रतिनिधियों का तीसरा दिन एक सांस्कृतिक एवं आनंददायक संध्या सत्र के साथ समाप्त हुआ। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव , एनआईटी रायपुर के रजिस्ट्रार डॉ. पी. वाई. ढेकने, एनआईटी रायपुर के डीन(स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ नितिन जैन, मैकेनिकल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस. सान्याल एवं युवा संगम, एनआईटी रायपुर के नोडल अफसर डॉ गोवर्धन भट्ट, संकाय सदस्य व् विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में निदेशक एवं उनकी पत्नी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

दूरदर्शन छत्तीसगढ़ की न्यूज एंकर श्रीमती गोपा सान्याल ने अपना परिचय दिया तथा छत्तीसगढ़ महतारी (मां) वंदना के साथ इस संध्या की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि “अरपा पैरी के धार” छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत है। श्रीमती गोपा सान्याल ने छत्तीसगढ़ी हाना गीत प्रस्तुत किया जिसमें महान छत्तीसगढ़ी व्यक्तित्वों और पूर्वजों के शब्दों की परिणति थी।

इसके बाद नागालैंड के छात्रों ने नागालैंड और इसकी समृद्ध पुरानी संस्कृति जैसे उनकी जनजातियों, भोजन, पहनावे, धार्मिक स्थलों आदि की झलक दी। नागालैंड के छात्रों ने “केल्हूकेवीरा” नामक नागामी गीत में समूह लोक गीत का सांस्कृतिक प्रदर्शन भी दिया। नागालैंड के छात्रों द्वारा अंग्रेजी गीत गाया गया फिर रागा क्लब के मेंबर्स प्रथमेश मुंजे, रुद्रांश शर्मा, अनादि चौहान ने अपनी प्रस्तुति दी। नृत्यम क्लब के मेंबर्स द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य राउत नाचा , सुआ नृत्य , कर्मा नृत्य का शानदार प्रदर्शन दिया गया। “मिलियन ड्रीम्स” पर नागालैंड के छात्रों द्वारा बैंड प्रदर्शन एवं उसके बाद समूह लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसमें कई फैकल्टी और छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के चौथे दिन, 18 जून का प्रारंभ स्पोर्ट्स इवेंट के साथ हुआ, जिसमें एनआईटी रायपुर और एनआईटी नागालैंड के विद्यार्थियों द्वारा फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, शतरंज, टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन खेला गया। कार्यक्रम में नागालैंड के समन्वयक, स्पोर्ट्स विभाग के फैकल्टी इन-चार्ज डॉ एच. के. नारंग, स्पोर्ट्स विभाग की इंस्ट्रक्टर मिस संध्या महादिक, अन्य फैकल्टीज एवं छात्र मौजूद थे। स्पोर्ट्स कार्यक्रम का अंत पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।

इसके बाद, प्रतिनिधियों को नया रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल का दौरा कराया गया जहाँ उनका स्वागत आरती, टीका और फूल बरसाकर किया गया। इस दौरान नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ मनोकामना ने भ्रमण कर मार्गदर्शन किया। प्रतिनिधियों ने पोस्ट ओपी वार्ड के उन बच्चों से मुलाकात की जिनकी पिछले 4-5 दिनों में सर्जरी हुई थी और फिर उन्हें संस्थान द्वारा प्रदान की गई चॉकलेट वितरित की गई। इस दौरान सभी को विभिन्न प्रयोगशालाओं का दौरा कराया गया |

ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ जिसमें मरीज और अटेंडेंट भी मौजूद रहे। सर्वप्रथम युवा संगम कार्यक्रम के बारे में परिचय दिया गया तथा मिस केविसिनो खाते और श्री के. मोतेमसु ऐयर का फूलों से स्वागत किया गया। दर्शको को अस्पताल, और बाल देखभाल केंद्र के बारे में वीडियो दिखाया गया। इसके बाद जिन बच्चों का इलाज किया गया था उन्हें जीवन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके पश्चात डॉ. रागिनी पांडेय ने संबोधित किया जिसमें उन्होंने जनजातियों का वर्णन किया।

एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम की इसी कड़ी में दूसरे दिन 16 जून की शाम को नागालैंड के प्रतिनिधियों को रायपुर के प्रसिद्ध अंबुजा मॉल का दौरा कराया गया। इस दिन का मनोरंजक समापन उन्होंने मॉल में अनेक प्रकार के खेल खेलते हुए और खरीदारी करते हुए किया।

श्री सत्या साई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ सी. श्रीनिवास एवं श्री मोआ के द्वारा भाषण दिया गया। तत्पश्चात नागालैंड के छात्रों द्वारा एक गीत प्रस्तुत किया गया| अस्पताल एवं संस्थान दौरे के बाद, प्रतिनिधियों को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ले जाया गया।आगामी दिन में, नागालैंड से आए प्रतिनिधियों को रायपुर म्यूजियम और गवर्नर्स हाउस की यात्रा करवाई जाएगी |

About the author

Tukeshwar Lodhi