आरंग(07.09.22)- आरंग नगर पालिका में साढ़े तीन साल से अधिक समय तक सेवा देने वाले मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा को नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर सहित पार्षदों और पालिका स्टॉफ द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।साथ ही नए प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर ने पदभार ग्रहण किया।
पालिका में सादगी भरे कार्यक्रम में सभी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा द्वारा आरंग नगर मे किये गए विकास कार्यो को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। 4 जनवरी 2019 में जब उन्होंने आरंग नगर पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी का कार्यभार संभाला तो उनके सामने मूलभूत सुविधाओं से लेकर नगर विकास तक काफी चुनौतियां थी।लेकिन अपनी कार्य कुशलता और व्यवहार के कारण उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिको सभी से सामंजस्य स्थापित करते हुए आरंग नगर के विकास के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नगरीय प्रशासन मंत्री का निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण आरंग को पूरे छत्तीसगढ़ में एक अलग पहचान दिलाने की जिम्मेदारी सौरभ शर्मा को मिली और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए आरंग नगर को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने में लगे रहे।उनके सेवाकाल के दौरान आरंग में गौरवपथ,जल आवर्धन योजना,सर्व समाज मांगलिक भवन,रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क,विभिन्न समाजों के सामुदायिक भवन,नगर के पुराने स्कूलों का जीर्णोद्धार,विभिन्न तालाबो का सौंदर्यीकरण कार्य,भागीरथी नल जल योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नगर में गरीबों के लिए पक्का मकान,AHP आवास,सीसी रोड,नाली निर्माण जैसे अरबो रुपये के विकास कार्य कराए गए।
30 वर्ष की छोटी सी उम्र में उन्होंने आरंग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी की भूमिका को बड़ी ही कुशलता के साथ निभाया।आरंग को विकासशील नगर पालिका से लेकर विकसित नगर पालिका तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।विदाई के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने अपने सेवाकाल के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने के लिए मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया,नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर सहित प्रशासनिक अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों,पालिका कर्मचारियों और नगर की जनता का आभार व्यक्त किया।

