रायपुर। सनातन धर्म की महान संत परंपरा, भारतीय संस्कृति और हिंदुस्तान की आस्था की पहचान को दर्शाती फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हमारे सनातन मूल्यों और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत दर्शन है। फिल्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी सनातनी एक मंच पर आएं और समाज के हर वर्ग तक इस फिल्म को पहुंचाएं, इसी संकल्प के साथ धर्म रक्षक अधिवक्ता आलोक पांडे द्वारा गरीब, जरूरतमंद और आम लोगों को यह फिल्म निःशुल्क दिखाई जा रही है।
इसी कड़ी में राज टॉकीज, रायपुर में फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निःशुल्क प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी, संतजन एवं सनातनी बंधुओं ने पहुंचकर फिल्म देखी और भारतीय संस्कृति एवं सनातन आस्था को समर्पित इस प्रयास की सराहना की। आलोक पांडे ने कहा, “‘हनुमान अंश’ हमारी आस्था, हमारी संस्कृति और हमारे साधु-संतों के त्याग की कहानी है। इसे हर सनातनी तक पहुंचाना हमारा धर्म है। हमारा प्रयास रहेगा कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इस प्रेरणादायी फिल्म से वंचित न रहे। जय श्री राम!” उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ के निःशुल्क प्रदर्शन का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग फिल्म से जुड़ सकें और भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के संदेश को समझ सकें।