श्रीमद् भागवत कथा में इसी का है वर्णन, इसका महात्म्य जानना जरूरी
प्रथम दिन निकाली गई विशाल मंगलकलश यात्रा
रायपुर। कृषि उपज मंडी देवेंद्रनगर के प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिवस इंद्रेश महाराज ने कथा के महात्म्य की चर्चा करते कहा कि भगवान के तीन रूप हैं- सत्य, चैतन्य व आनंद, श्रीमद् भागवत में इसी का वर्णन है। जो कर रहे हैं या करेंगे उसी में हमारा भला है, स्वीकार कीजिए मेरे साथ जो हो रहा है वही सत्य है। जीवन में प्रयास तो बहुत किया पर नियति ने कुछ और कर दिया। प्राप्त-अप्राप्त में न जाइए। उनके प्रति समर्पण रखिए। लेकिन होता है क्या, हम ठाकुरजी को जाकर बताते हैं कि ये करो-वो करो। इसलिए कि संसार की माया आकृष्ट कर लेती है। इसलिए सूरदासजी कहते हैं जैसे राखो-वैसे रहो। मांगिए मत उन्हें दीजिए, प्रभु मुझे अपने शरण पर ले लीजिए।
उन्होंने बताया, भगवान का दूसरा रूप है चैतन्य। ना तो वे अष्टधातु के हैं, न सोना-चांदी या किसी अन्य धातु के। प्रभु मूर्ति नहीं हैं, वे चैतन्य हैं। वे सब क्रिया करते हैं, जड़ नहीं हैं। जो जड़ बुद्धि रखता है ठाकुरजी उसको जड़ समझते हैं। यदि सत्य व चैतन्य को जान गए तो तीसरा रूप आनंद वैसे ही आ जायेगा। लेकिन इतना भी जान लें कि सुख और आनंद में अंतर है। सुख सांसारिक वस्तु से मिलता है जो एक लिमिट के बाद दु:ख देने लगता है। आनंद मिलेगा कथा में आने से प्रभु के दर्शन करने से। ठाकुरजी के प्रति प्रेम, भाव, सम्मान, भक्ति रखो। वही खिला रहे हैं, वे ही पिला रहे हैं, वही चला रहे हैं यही भगवान का आनंद रूप है। इसलिए मेरे साथ गाओ..कहते हो तुम कन्हैया मेरा नाम हो रहा है, प्रभु तुम्हारे नाम से मेरा सब काम हो रहा है। कथा के पूर्व सुबह विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली गई जिसमें पांच हजार से अधिक महिलाएं शामिल थीं।
विश्राम दिवस तक ऐसा ही लगा रहेगा कथा का रंग
उन्होंने श्रद्धालुओं की ओर उन्मुख होकर कहा, रायपुर आकर उन्हें महसूस हुआ कि छत्तीसगढ़िय़ा-सबले बढ़िया। कथा श्रवण करने में इसी उत्साह की प्रधानता है। भगवान का नाम लेते हैं तो और ज्यादा उत्साह आ जाता है, यह नित दिन बढ़ेगा और देखना कथा विश्राम दिवस तक ऐसा रंग लगेगा कथा खत्म न हो और चलती रहे, ये उत्साह कायम रहे।
किसी के प्रति राग या आशक्ति न होना ही वैराग्य है
महाराजश्री ने भक्ति, ज्ञान, वैराग्य व त्याग का प्रादुर्भाव बताते हुए कहा कि ऐसी बात नहीं है कि जो कथा श्रवण करता है या भजन करता है उसके जीवन में कष्ट नहीं आयेगा, लेकिन भक्ति मार्ग पर चलने से यह दूर हो जायेगा। ज्ञान के संदर्भ में कहा कि विवेकयुुक्त ज्ञान चाहिए। किसी के प्रति राग या आशक्ति न होना ही वैराग्य है। हर परिस्थिति को सहने की आदत हो जाए और त्याग सबसे महत्वपूर्ण है जो ठाकुरजी के प्रति, कथा व भजन के प्रति, सनातन, सात्विकता से दूर रहते हैं उनसे आप दूरी बना लो, ऐसे लोगों का त्याग करो।
जगन्नाथजी प्रभु ने कथा को टेकओवर कर लिया है…
इन्द्रेशजी महाराज के व्यासपीठ के साथ भगवान जगन्नाथ प्रभु साक्षात स्वरूप में विराजे हैं। बहुत ही महत्वपूर्ण बात उन्होंने कही कि महाप्रभु जगन्नाथ, सुभद्रा व बलभद्र के साथ आप सुदर्शनजी का भी दर्शन करें। यह अति आवश्यक है जो दंड के आकार में हैं। सतयुग, त्रेता व द्वापर में अपराध करने पर किसी-किसी का वध करना पड़ता था लेकिन कलयुग में अपराध करने वाले सबसे ज्यादा हैं तो क्या सबका वध करेंगे नहीं, महाप्रभु कहते हैं मैं सबको स्वीकार करुंगा। जो गलती हो गई उसकी चिंता मत करो केवल यह करो कि अब आगे नहीं होगा, तब मैं तुम्हें स्वीकारूंगा। इसलिए दंडरूप में रहना है चक्र नहीं। उन्होंने बताया कि यहां रोज प्रभु का नया श्रृंगार के साथ दर्शन करेंगे। उन्होंने सेवादार गुंजन प्रजापति से आग्रह किया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव तक प्रभुजी की महाप्रसादी भी आ जाए और चालीस हजार श्रद्दालुओं को वितरण हो जाए तो अति आनंद आ जायेगा।
भव्य मंगल कलश यात्रा में शामिल हुईं 5 हजार से अधिक महिलाएं
श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व सोमवार सुबह भव्य मंगल कलश यात्रा श्रीराम जानकी मंदिर कृषि उपज मंडी के सामने देवेंद्रनगर से प्रारंभ होकर कथा स्थल पहुंची। आयोजन समिति की व्यवस्था के अनुसार 2100 महिलाओं की कलश यात्रा निकाली जानी थी, लेकिन श्रद्दालुओं का उत्साह इतना था कि 5 हजार से भी अधिक महिलाएं पहुंच गईं और सभी भक्तिभाव से कलश यात्रा में शामिल हुए। कलशधारी सभी महिलाएं पीली रंग की साड़ी पहनी हुई थीं। श्रीमद्भागवत पुराण सिर पर धारण कर जजमान परिवार आगे-आगे चल रहे थे। पूरे मार्ग पर भक्ति उद्घोष के साथ जयकारे लगते रहे। बाजे-गाजे व पुष्पवर्षा के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ था।





