विमलनाथ जैन मंदिर श्रीनाकोडा भैरव सोसाइटी में होगा आयोजन
रायपुर, 16 सितंबर 2026/ विमलनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट एवं अद्भुत चतुर्मास समिति द्वारा गुरुवर्या सिद्धांत ज्योतिश्री महाराज साहेब आदि ठाणा की निश्रा में चल रहे चतुर्मास महोत्सव के अंतर्गत 20 सितंबर को गुरुवर्याश्री के 89वें वर्धमान ओलीजी का भव्य पारणा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव को लेकर समाज में भारी उत्साह है।
पारणा महोत्सव के दिन प्रातः 8 बजे पारणा कार्यक्रम प्रारंभ होगा तथा प्रातः 9:30 बजे से 108 व्यक्तियों एवं जोड़ों द्वारा 20 स्थानक की भव्य एवं अति भव्य पूजा आयोजित की जाएगी। रायपुर में पहली बार इतनी भव्य 20 स्थानक पूजा बिना किसी नखराना (शुल्क) के आयोजित की जा रही है। श्रद्धालुओं को केवल पूजा के वस्त्रों में आना होगा, शेष समस्त व्यवस्था ट्रस्ट एवं समिति द्वारा की जा रही है।
19 सितंबर को दोपहर 2 बजे से सांझी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रायपुर के विभिन्न मंडलों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम की सहयोगी संस्था भैरव भक्त मंडल है। इस पारणा महोत्सव के लाभार्थी सुमन सिंघी परिवार, रायपुर-राजनांदगांव हैं।
चतुर्मास के अंतर्गत अब तक अनेक भव्य आयोजन हुए हैं। प्रथम रविवार को अरिहंत वंदना, द्वितीय रविवार को मातृ-पितृ पूजन, भगवान नेमीनाथ कल्याणक पर नेमी-राजुल संवाद की भावुक प्रस्तुति तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में नौकार जाप का आयोजन किया गया, जिसमें 1 लाख से अधिक माला फेरने की बोली लगी।
इसके साथ ही निगोद तप, तेले और अठाई के तपस्वियों का ट्रस्ट द्वारा भव्य बहुमान किया गया तथा मेहंदी सांझी एवं शाही बरघोड़े के साथ पारणा आयोजित किए गए। चतुर्मास के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



