छत्तीसगढ़ रायपुर समाज सेवा

गौरीशंकर सेवा समिति की नई कार्यकारिणी का गठन, दुर्योधन पनका बने अध्यक्ष

समाज की सेवा, सबसे बड़ी सेवा

  • निःस्वार्थ सेवा और समर्पण की प्रेरणादाई संस्था है गौरी शंकर सेवा समिति
  • नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, वृंदावन हॉल में शपथ ग्रहण समारोह

रायपुर, 31 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाली सामाजिक संस्था गौरीशंकर सेवा समिति की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। समाजसेवी दुर्योधन पनका को समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 30 अगस्त 2026 को स्थानीय वृंदावन हॉल, रायपुर में आयोजित किया गया, जिसमें दुर्योधन पनका सहित समस्त नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्य नवनियुक्त पदाधिकारियों जिसमें अध्यक्ष दुर्योधन पनका, उपाध्यक्ष गौरी नायक, सचिव दुर्गेश सिंह, कोषाध्यक्ष ममता सुनानी, महासचिव नीलम सोना, सह-सचिव जगदीश सिक्का, स्वास्थ्य सचिव डॉ. गोपाल महानंद, कार्यकारिणी सदस्य इंदर नायक, चम्पा तांडी, सागर दीप, बबीता, हरीश बाग को पद एवं सेवा की शपथ दिलाई गई।

समारोह को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि सामाजिक न्याय कार्यकर्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने नई कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “अपनों के लिए तो हर कोई जीता है, लेकिन दूसरों के लिए कैसे जीना है, यह गौरीशंकर सेवा समिति से सीखा जा सकता है।” उन्होंने कहा कि आज के समय में जब कई लोग सामाजिक संस्थाओं को केवल अपने स्वार्थ और प्रचार का माध्यम बना लेते हैं, ऐसे दौर में गौरीशंकर सेवा समिति निःस्वार्थ सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बिना किसी अपेक्षा के समाज के लिए कार्य करता है, वही वास्तव में समाज में विश्वास और मानवता को मजबूत करता है। समिति के संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता व्यास देव भोई ने कहा कि गौरीशंकर सेवा समिति आने वाले समय में राजधानी रायपुर में समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगी। उन्होंने नई कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि टीम भावना और निरंतर सेवा के माध्यम से समिति को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।JCI अध्यक्ष जितेंद्र निहाल ने कहा कि “समाज सेवा ही मानव सेवा है और मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म और कर्म नहीं है।” उन्होंने कहा कि सेवा भावना व्यक्ति को समाज में सम्मान और विश्वास दिलाती है। श्री निहाल ने अधिवक्ता भगवानू नायक के सामाजिक सरोकारों की भी सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम को संबोधित संतोष हियाल ने नर सेवा ही नारायण सेवा है उक्त कहावत को गौरी शंकर सेवा समिति चरितार्थ कर रहा है जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।

कार्यक्रम को गांड़ा महासभा अध्यक्ष नारायण बाघ एवं गांड़ा महासभा महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती सीमा क्षेत्रिया सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया और नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

गौरीशंकर सेवा समिति लंबे समय से राजधानी रायपुर में निःस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में अग्रिम पंक्ति में रही है। संस्था द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्याऊ घर एवं वाटर कूलर स्थापित कर राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा समय-समय पर वृद्धाश्रमों में कंबल वितरण, स्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरण तथा रक्तदान शिविर जैसे जनसेवा अनेक कार्य किए है। कार्यक्रम का संचालन गौरी शंकर सेवा समिति के संस्थापक सुधीर बाघ ने तथा आभार प्रदर्शन सचिव दुर्गेश सिंह ने किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी