50वां भादो अमावस्या महोत्सव, मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब
रायपुर। राजातालाब स्थित श्रीरानी सती मंदिर में दो दिवसीय 50वां भादो अमावस्या महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। श्रीरानी सती दादी मां की जय एवं जय दादी की…का जयघोष दिनभर गूंजता रहा। देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। इसी बीच राज्यपाल रमेन डेका ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर दादीजी की पूजा -अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ ओएसडी अशोक झुझुनवाला भी उपस्थित रहे। मंदिर समिति द्वारा राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया गया। रात्रि 9:30 बजे मुख्य यजमान द्वारा दादीजी को छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया।
सामूहिक मंगल पाठ में शामिल हुर्इं 2100 महिलाएं
मंदिर में दोपहर 2 बजे बीना मित्तल- समता कॉलोनी के सान्निध्य में सामूहिक मंगल पाठ हुआ। इसमें लगभग 2100 महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान में लाल-पीली चुनरी धारण कर भाग लिया। पुरुष श्रद्धालु भी पारंपरिक कुर्ता-पायजामा में शामिल हुए। मंगल पाठ के उपरांत शाम को कोलकाता के भजन गायक पंकज जोशी की भजन संध्या प्रारंभ हुई। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशोर ड्रोलिया ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी बने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।




