रायपुर। श्रीलोहाणा महाजन समाज द्वारा आशीर्वाद भवन में 11 से 19 अक्टूबर तक ‘झंकारो’ नवरात्रि उत्सव का आयोजन पारंपरिक, भक्तिमय एवं पारिवारिक वातावरण में किया जा रहा है। इस उत्सव में गुजराती लोकगीतों पर पारंपरिक रास गरबा एवं डांडिया के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की जा रही है। समाज के अध्यक्ष किशन भाई मिरानी ने बताया, उत्सव में शनिवार रात्रि के उत्सव में नवरात्रि की 9 दैवीय शक्ति स्वरूप में सजी नौ कन्याओं द्वारा विशेष रास गरबा की प्रस्तुति दी गई। मां दुर्गा के 9 स्वरूपों को समर्पित यह प्रस्तुति श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम बनी। रास गरबा स्थल पर उपस्थित समस्त समाजजनों ने देवी मां के इन नौ स्वरूपों का आशीर्वाद लेकर सबके सुख समृद्धि की कामना की।
झंकारो उत्सव की विशेषता यह है कि यहां फिल्मी गीतों एवं डीजे की धुनों के बजाय केवल पारंपरिक गुजराती लोकगीतों पर रास गरबा किया जा रहा है। इस अनूठी परंपरा के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक संस्कारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। लोहाणा महाजन समाज के जनसंपर्क अधिकारी प्रकाश भाई पारपाणी ने बताया, झंकारो रास गरबा का उद्देश्य पारंपरिक गुजराती संस्कृति एवं लोकगीतों की विरासत को सहेजना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। उत्सव में पारिवारिक सहभागिता और भक्तिमय माहौल इसकी विशेष पहचान है।