*2021-22 बजट की कुछ झलकियां*
*वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में पेश कर रही है आम बजट*
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सदन में आम बजट पेश कर रही हैं। कोरोना काल में पहली बार पेपरलेस बजट पेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री का बजट भाषण शुरू होने से पहले विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने कोरोना काल के राहत पैकेज का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन लगने के कुछ ही दिनों के भीतर गरीब कल्याण योजना की घोषणा की गई।
इसके अलावा वित्त मंत्री ने आत्मनिर्भर अभियान की भी बात की। निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह इस दशक का पहला डिजिटल बजट है। अब तक सिर्फ तीन बार बजट में बताया गया कि अर्थव्यवस्था मंदी की तरफ है। इस बार ऐसा ग्लोबल महामारी के कारण हुआ है।
वित्त मंत्री के भाषण के शुरुआती आधे घंटे में शेयर बाजार में उछाल देखने को मिला है।
दोपहर 11 बजे के बाद सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जो कुछ देर में ही 700 अंक से ज्यादा चढ़ गया। इस दौरान सेंसेक्स ने 47 हजार अंक के आंकड़े को एक बार फिर पार कर लिया है।
12:07 (IST) 01 Feb 2021
उज्ज्वला स्कीम का विस्तार
निर्मला सीतारमण ने बताया कि उज्ज्वला स्कीम से अबतक 8 करोड़ परिवारों को फायदा हुआ। अब एक करोड़ परिवार और जुड़ेंगे। 100 नए शहर सिटी गैस वितरण में जोड़े जाएंगे।
12:01 (IST) 01 Feb 2021
एलआईसी का आईपीओ इसी साल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि इसी वर्ष LIC के आईपीओ को बाजार में लाया जाएगा। अब इंश्योरेंस क्षेत्र में 74 फीसदी तक FDI हो सकेगी, पहले यहां पर सिर्फ 49 फीसदी तक की ही इजाजत थी।
11:49 (IST) 01 Feb 2021
जल जीवन मिशन (शहरी) लॉन्च किया जाएगा
वित्त मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन (शहरी) लॉन्च किया जाएगा, जिसका उद्देश्य 4378 शहरी स्थानीय निकायों में 2.86 करोड़ घरेलू नल कनेक्शनों के साथ सुलभ जल आपूर्ति व्यवस्था करना है।
11:43 (IST) 01 Feb 2021
7 टेक्स्टाइल पार्क बनाए जाएंगे
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के मुताबिक एक्सपोर्ट के मकसद से देश में 7 टेक्स्टाइल पार्क बनाए जाएंगे। ये पार्क तीन साल में तैयार हो जाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि रेलवे, NHAI, एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास अब कई प्रोजेक्ट को अपने लेवल पर पास करने की ताकत होगी।
11:40 (IST) 01 Feb 2021
आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का ऐलान
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का ऐलान किया है। इसके लिए 64,180 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसी के साथ सरकार की ओर से WHO के स्थानीय मिशन को भारत में लॉन्च किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा। निर्मला सीतारमण की ओर से कोरोना वैक्सीन के लिए 35 हजार करोड़ रुपये का ऐलान किया गया। वित्त मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट को 137 फीसदी तक बढ़ाया गया है।


