देश

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव–2026 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रदर्शनी को द्वितीय पुरस्कार

  • हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में मिला सम्मान

प्रमुख आकर्षण


रायपुर स्टेशन पुनर्विकास मॉडल

इंजन सिमुलेटर

वीआर गेम जोन

रेलवे क्विज एवं 3डी एनामॉर्फिक डिस्प्ले


रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव–2026 के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आयोजित आकर्षक एवं तकनीक आधारित प्रदर्शनी को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। राज्योत्सव के समापन समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शेख समी उर रहमान ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर अटल नगर, नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में 01 से 03 नवंबर 2026 तक आयोजित इस राज्योत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रदर्शनी लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ की भावना को साकार करती इस प्रदर्शनी की संपूर्ण प्रस्तुति में भगवा रंग को प्रमुखता दी गई थी, जो इसे एक विशिष्ट एवं आकर्षक पहचान प्रदान कर रहा था। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन और रेलवे के बीच संवाद एवं संपर्क को मजबूत करना तथा रेलवे की विकास यात्रा, उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक, अधोसंरचना विकास एवं यात्री सुविधाओं की जानकारी रोचक और सहज माध्यमों से जन-जन तक पहुँचाना रहा।

प्रदर्शनी में आकर्षक बैकलिट पैनल्स के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों, नई रेल लाइन परियोजनाओं, पूर्ण हो चुकी एवं वर्तमान में प्रगतिरत अधोसंरचना परियोजनाओं तथा आधुनिक रेल सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों तक रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और रेलवे द्वारा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। विशेष रूप से, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न परिचालन कार्यों में उपयोग की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक तकनीकों एवं उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों को भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से आगंतुकों को यह जानने और समझने का अवसर मिला कि किस प्रकार एआई तकनीक रेलवे परिचालन को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित, दक्ष एवं आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण

प्रदर्शनी में रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का आकर्षक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से पुनर्विकास के बाद स्टेशन के प्रस्तावित आधुनिक स्वरूप एवं यात्री सुविधाओं की झलक प्रस्तुत की गई। बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित वॉक-थ्रू फिल्म ने आगंतुकों को स्टेशन के भावी स्वरूप से रूबरू कराया।

स्टॉल में स्थापित इंजन सिमुलेटर आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के सिमुलेटर का उपयोग वास्तविक परिस्थितियों में लोको पायलटों के प्रशिक्षण के लिए किया जाता है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को पहली बार इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली को स्वयं संचालित कर परखने तथा ट्रेन इंजन के संचालन का आभासी अनुभव प्राप्त करने का अनूठा अवसर मिला। वहीं, विशेष वीआर गेम जोन ने भी युवाओं और बच्चों को आकर्षित किया।

रेलवे के इतिहास, उपलब्धियों एवं कार्यप्रणाली से संबंधित रोचक प्रश्नों पर आधारित रेलवे क्विज में बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके अतिरिक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों की आकर्षक पृष्ठभूमि के साथ सेल्फी लेने एवं तत्काल उसका प्रिंट प्राप्त करने की सुविधा भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण रही।

प्रदर्शनी के स्वागत द्वार पर स्थापित 3डी एनामॉर्फिक डिजिटल स्क्रीन पर रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों को अत्याधुनिक दृश्य तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वहीं, रेलवे की विकासात्मक यात्रा एवं उपलब्धियों पर आधारित विशेष फिल्म ने आगंतुकों को रेलवे के बदलते स्वरूप और विकास की विस्तृत जानकारी दी। स्वागत द्वार के ऊपर प्रदर्शित वंदे भारत ट्रेन का विशाल कटआउट भी लोगों का ध्यान आकर्षित करता रहा।

प्रदर्शनी के माध्यम से रेलवे की विकासात्मक उपलब्धियों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, भविष्य की योजनाओं और यात्री सुविधाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया। इस दौरान बच्चों, युवाओं, परिवारों एवं आम नागरिकों ने प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इस प्रदर्शनी को प्राप्त द्वितीय पुरस्कार रेलवे की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनसंपर्क को अधिक रोचक, अनुभवात्मक एवं संवादपरक बनाने के प्रयासों का सम्मान है। यह उपलब्धि रेलवे और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रोत्साहित करती है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी