अपराध आरंग राजनीति

“आरंग में अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस का मिल रहा अघोषित संरक्षण”- भाजपा

Written by Tukeshwar Lodhi

आरंग(19.02.23)- आरंग विधानसभा क्षेत्र में बढते अपराध और लचर पुलिस व्यवस्था को लेकर रविवार को भाजपा आरंग मण्डल द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। जिसमें भाजपा के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाया। भाजपा के आरंग विधानसभा प्रभारी अनिल पाण्डेय और मिडिया प्रभारी डाॅ. किरण बघेल नें शनिवार को ग्राम गुदगुदा में हुए नाबालिग छात्रा व पिछले दिनों ग्राम भानसोज में नाबालिग बालक की निर्मम हत्या, समोदा में व्यापारी के साथ दिनदहाड़े दुकान में घुसकर मारपीट, जुआ, अवैध शराब बिक्री, के मुद्दे पर पुलिस प्रशासन को कटघरे में खडा किया। उन्होने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नही है। आरंग क्षेत्र शांति का टापू था लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अपराधियों को वारदात के लिए पुलिस प्रशासन की मौन सहमति मिली हुई है। क्षेत्र में अब महिलाएं, बालिकाएं और जनता असुरक्षित महसूस करने लगी है।

वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री वेदराम मनहरे ने रेत घाटो में माफियाओं से 24 घण्टे अवैध रुप से रेत उत्खनन पर सरकार और प्रशासन की संलिप्तता होने का आरोप लगाया। उन्होने कहा की रोज क्षेत्र से खनन माफियाओं के सैकड़ों वाहन अवैध रूप से रेत लोड करके सड़कों पर दौड़ रहे हैं लेकिन प्रशासन और खनन अधिकारियों के कानों मंे जूं नही रेंग रही है। माफियाओं ने नदी के किनारों और कई जगहों पर अवैध रूप से रेत के पहाड़ डंप करके रखा है लेकिन सरकारी तंत्र कोई भी कार्रवाई नही कर रही है। पत्रकार वार्ता में पदाधिकारियों ने बताया कि बीते 17 फरवरी को भाजपा कार्यकर्ताओं के टारगेट किलिंग के विरोध में राज्यव्यापी चक्काजाम किया गया था। जिसमें आरंग विधानसभा में भी 03 स्थानों पर चक्काजाम किया गया। जिसमें आरंग पुलिस प्रशासन ने चक्काजाम में अनुपस्थित लोगो पर मामला दर्ज कर दिया जो पुलिस के कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह है। जिसके विरोध में भाजपा 24 फरवरी को एफआईआर वापसी और मोर आवास मोर अधिकार के मुद्दे पर मंत्री कार्यालय का घेराव करेगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दिया है, एफआईआर वापस नही लिए जाने की स्थिति में 5000 की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाइवे में चक्का जाम करेगी। पत्रकार वार्ता में मण्डल अध्यक्ष अभिषेक राजा तंबोली व लखन साहू, नगर पालिका आरंग के नेता प्रतिपक्ष राजेश साहू, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष चंद्रशेखर साहू व लल्ला साहनी, गणेश साहू, के.के. भारद्वाज, धु्रव कुमार मिर्धा, रितेश साहू और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

About the author

Tukeshwar Lodhi