आरंग छत्तीसगढ़ राजनीति रायपुर

गढ़बो नवा आरंग: आरंग की राजनीति में कल का दिन होगा ऐतिहासिक,नवनिर्मित राजीव भवन का होगा लोकार्पण

Written by Tukeshwar Lodhi

◆ केबिनेट मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया के अथक प्रयास से बना है नवनिर्मित राजीव भवन

◆ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राष्ट्रीय समन्वयक के.राजू,पूर्व प्रदेश प्रभारी पी.एल.पुनिया,प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्रिमंडल और विधायक होंगे शामिल

आरंग: 4 जून 2023 और रविवार का दिन आरंग ही नही बल्कि प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।कल आरंग में सर्व सुविधायुक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनिर्मित कार्यालय “राजीव भवन” का लोकार्पण और भारत रत्न स्व.राजीव गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।इस ऐतिहासिक समारोह में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राष्ट्रीय समन्वयक के.राजू,पूर्व प्रदेश प्रभारी पी.एल.पुनिया,प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्रिमंडल और विधायक शामिल होंगे।केबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक डॉ.शिवकुमार डहरिया द्वारा आरंग क्षेत्र में किये जा रहे अभूतपूर्व विकासकार्यो के बाद उनके अथक प्रयास से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘राजीव भवन’ की सौगात किसी तोहफे से कम नही है।नवनिर्मित राजीव भवन का कुल क्षेत्रफल लगभग 97 डिसमिल है,जिसमे 15000 वर्गफीट में सर्व सुविधायुक्त हाईटेक भवन बनाया गया है।भवन के अंदर मीटिंग हॉल,कांफ्रेंस हाल,ऑफिस और रुकने की व्यवस्था है।
इससे पहले सन 1994-95 में अविभाजित मध्यप्रदेश के समय आरंग कांग्रेस की राजनीति एक छोटे से कार्यालय महामाया पारा स्थित ‘गांधी भवन’ से संचालित होती थी। 15 साल विपक्ष में रहते हुए जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस जब 2018 में सत्ता में आई तब आरंग की जनता ने कभी सपने में नही सोचा था कि उनका अमूल्य वोट आरंग की दशा और दिशा को सुधार कर रख देगी।मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया अब तक आरंग विधानसभा को अरबों रुपये के विकासकार्यो की सौगात दे चुके है। अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में ‘गढ़बो नवा आरंग’ का संकल्प लिए मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकासकार्यो के कारण ही आरंग की जनता प्यार से उन्हें ‘विकासपुरुष’ भी कहते है।
रविवार को दोपहर 1.00 बजे आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह का साक्षी बनने के लिए आरंग विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।कार्यक्रम स्थल में भोजन, पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।

About the author

Tukeshwar Lodhi