प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की वोटिंग 19 जिला मुख्यालयों पर सुबह 8 बजे शुरू होगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हो गई है। मतों की गिनती निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए पूरी सुरक्षा के साथ की जाएगी। इन सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी। यह नतीजे सिंधिया के साथ शिवराज और कमलनाथ के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न हैं।
सबसे जल्दी रिजल्ट अनूपपुर जिले से आने की उम्मीद है। यहां 18 राउंड काउंटिंग होगी। जबकि, सबसे लेट ग्वालियर के रिजल्ट आएंगे। यहां 32 राउंड काउंटिंग होगी। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि इस बार कोविड-19 की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए प्रत्येक राउंड में 14-14 टेबल होंगी। राजगढ़ में एक हॉल में 14 टेबल, गुना में 3 हॉल में से एक हॉल में 6, 2 हॉल में 4-4 टेबल और शेष 17 जिलों में 7-7 टेबल के दो हॉल में वोटों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक हॉल के हर राउंड से की गई दो टेबल की मतगणना की जांच आयोग के प्रेक्षक द्वारा की जाएगी।
मतों की गिनती सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू होगी। EVM मशीनों की वोटों की गिनती 8:30 बजे शुरू होगी। पहले डाक मतपत्रों की मतगणना पूरी नहीं होने पर EVM मशीनों की मतगणना का अंतिम राउंड रोक दिया जाता था, लेकिन इस बार यह नियम हटा दिया गया है और डाक मतपत्रों एवं EVM मशीनों की मतगणना लगातार चलती रहेगी।



