छत्तीसगढ़ रायपुर शिक्षा

एनआईटी रायपुर में ‘रोबोट पाथ प्लानिंग’ विषय पर कार्यशाला का हुआ आयोजन

Written by Tukeshwar Lodhi

रायपुर(21.01.23)- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 21 जनवरी 2023 को रोबोटिक्स क्लब के द्वारा ‘रोबोट पाथ प्लानिंग’ पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को रोबोटिक्स के व्यापक क्षेत्र से अवगत कराना था।
इस कार्यशाला का आयोजन एनआईटी रायपुर के कैरियर डेवलपमेंट सेंटर के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेई एवं रोबोटिक्स क्लब के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. राजेश डोरिया के मार्गदर्शन में हुआ। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की एम. टेक की छात्रा पल्लापोथाला तेजस्विनी थी। सर्वप्रथम उन्होंने रोबोट के बारे में जानकारी देते हुए छात्रों को उनके कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रोबोट हमारे दैनिक जीवन में कितनी अहम भूमिका निभाते है तथा हमारे कार्य को सुगमता के साथ करते हैं। आगे उन्होंने रोबोटिक्स के प्रमुख क्षेत्र जैसे स्वास्थ्य सेवा, कृषि, सैन्य उपकरण, कारखानों, सुरक्षा उपकरण, अंतरिक्ष की खोज, एवं आदि क्षेत्रों में उनके योगदान के बारे में बताया कि किस प्रकार ये जटिल समस्याओं का समाधान आसानी से करते हैं। आगे उन्होंने समझाया कि कार्यप्रणाली आसान होने के बावजूद रोबोट के लिए कई चुनौतियाँ भी है तथा उनके फ़ायदे और नुकसान के बारे में भी बताया कि कैसे इन मशीनों के गलत प्रयोग से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने आधुनिकीकरण की ओर अग्रसर रोबोटिक्स क्षेत्र में छात्रों को अपना कैरियर बनाने की सलाह दी। करीब 275 विद्यार्थियों ने इस कार्यशाला के लिए पंजीयन किया था जिसमें से 164 विद्यार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए थे।
इस कार्यशाला में रोबोट पाथ प्लानिंग पर छात्रों से स्वयं पाथ प्लानिंग कराया गया तथा उनके समस्याओं का निराकरण भी किया गया। पूरे कार्यक्रम का प्रबंधन रोबोटिक्स क्लब के हेड कोऑर्डिनेटर श्री जयप्रकाश ने किया।

About the author

Tukeshwar Lodhi