भगवान नेमिनाथ जन्म कल्याणक की धूम
रायपुर। आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास समिति की ओर से बाल संघपति एवं श्रीसम्मेत शिखर तीर्थ की भावयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 165 बालक-बालिकाओं को संघपति बनने का अवसर मिला।
आयोजन समिति के अनुसार बाल संघपति बनाने का उद्देश्य बच्चों में धर्म, संस्कार, नेतृत्व एवं सेवा भावना का विकास करना है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को जैन धर्म, तीर्थ परंपरा और धार्मिक संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस पुनीत प्रसंग पर साध्वी भगवंत मंजुलाश्री की पावन निश्रा में सुबह 7 बजे श्रीऋषभदेव मंदिर, सदर बाजार से शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया, कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली ने बाल संघपतियों को तिलक लगाकर यात्रा के लिए रवाना किया। जिसके दादाबाड़ी परिसर में पहुंचने के बाद सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति तक भव्य चतुर्विध संघ यात्रा भी निकाली गई।
बाल संघपतियों का विजय तिलक
इस प्रसंग पर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी, सह-सचिव अभिषेक गोलछा व कोषाध्यक्ष चिंतन मालू ने बाल संघपतियों का विजय तिलक किया। तदुपरांत श्रद्धालुओं ने सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति के दर्शन किए और भावयात्रा में सहभागिता निभाई। भाव यात्रा की विधि विपिन बागरेचा, नागदा ने कराई। आयोजन के दौरान संघमाला का भी आयोजन हुआ।
प्रभु नेमिनाथ जन्म कल्याणक व शक्रस्तव
महापूजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

भगवान नेमिनाथ के जन्म कल्याणक के अवसर पर दादाबाड़ी एमजी रोड स्थित परिसर में शक्रस्तव महापूजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। पूजन के पश्चात सामूहिक एकासना का भी हुआ। इन सभी अनुष्ठानों में चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू समेत श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं चातुर्मास समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी रहे। यह आयोजन श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट रायपुर के अंतर्गत संपन्न हुआ।




