विश्वकर्मा समाज और महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन ने लगाया कैंप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान
रायपुर। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत श्रीविश्वकर्मा समाज एवं महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया और छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में 218 लोगों को निःशुल्क चश्मे तथा निःशुल्क दवा वितरित किए गए।
इसके साथ ही शिविर में 18 लोगों का निःशुल्क मोतियाबिन्द का ऑपरेशन किया गया। इस सेवा भाव से जुड़े आयोजन में 27 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया। इस अवसर पर नवनीत झा ने 178वीं बार रक्तदान कर सेवा एवं समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल कायम की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने रक्तदाताओं को उनके इस पुनीत योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।



