छत्तीसगढ़ • धर्म • भक्ति परंपरा

गुढ़ियारी पड़ाव दुर्गोत्सव में 3 धामों का अनूठा संगम, सप्तश्रृंगी माता, खाटू श्याम और सांवरिया सेठ के दिव्य दर्शन

पंडाल में  इन तीन दिव्य धामों का  दर्शन करने भीड़ उमड़ रही है–

रायपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री गुढ़ियारी दुर्गोत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक आयोजन किया गया है। समिति द्वारा इस वर्ष गुढ़ियारी पड़ाव, रायपुर छत्तीसगढ़ में तीन प्रमुख देवस्थानों का दिव्य आगमन कराया गया है। वे हैं-

  • सप्तश्रृंगी माताजी,
  • श्रीखाटू श्याम बाबाजी 
  • श्रीसांवरिया सेठ महाराज

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष की थीम “तीन धाम, एक धाम में दर्शन” रखी गई है, ताकि छत्तीसगढ़ की राजधानी के श्रद्धालु एक ही पंडाल में महाराष्ट्र की आराध्य देवी सप्तश्रृंगी माता, राजस्थान के खाटू वाले श्याम बाबा और मेवाड़ के सांवरिया सेठ के दर्शन कर सकें।

पंडाल में तीनों विग्रहों की मनमोहक झांकी सजाई गई है। सप्तश्रृंगी माता के दरबार को गढ़ की प्रतिकृति के रूप में, खाटू श्याम बाबा के दरबार को शीश के दानी के भव्य श्रृंगार के साथ और सांवरिया सेठजी को चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध मंदिर की तर्ज पर सजाया गया है।

रोजाना सुबह और शाम महाआरती, भजन संध्या और छप्पन भोग का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्रि के प्रथम दिन से ही दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडाल में सुरक्षा, स्वच्छता और भक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। समिति ने समस्त रायपुर वासियों से एक बार पंडाल में आकर दर्शन लाभ लेने की अपील की है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी