छत्तीसगढ़

मानसिक स्वास्थ्य पर हुई जागरूकता संगोष्ठी

रायपुर। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों व शिक्षकों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब आॅफ रायपुर द्वारा एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल में संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों, प्रश्नोत्तर तथा फिल्म शो के माध्यम से विद्यार्थियों से इंटरेक्शन किया गया। डॉ. प्रदीप गोविंद शितूत ने बताया कि इस मौके पर मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय की विशेषज्ञ डॉ. ईला गुप्ता ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, तनाव को पहचानने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा दैनिक जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि, जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर ने अपनी उपस्थिति देकर शिक्षा के क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की आवश्यकता को विशेष महत्व प्रदान किया।

रोटरी क्लब आॅफ रायपुर की अध्यक्ष डॉ. प्रीता लाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों में परीक्षा, पढ़ाई और अन्य गतिविधियों से उत्पन्न तनाव को समझना तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

एन एच गोयल वर्ल्ड स्कूल के प्राचार्य डॉ. अविनाश पांडेय ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका भी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण होती है। विशेष अतिथि एवं स्कूल के संचालक तोमर ने कहा कि समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने में ऐसे कार्यक्रम सार्थक होते हैं। इस अवसर पर क्लब के सुभाष साहू, उत्तम गर्ग, सचिव नृपेश प्रजापति , कृष्णा साहू तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी व शिक्षक उपस्थित रहे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी