आरंग(10.04.23)- बेमेतरा में 2 समुदाय के बीच हुई हिंसा के बाद विहिप ने छत्तीसगढ़ बंद करने का आह्वान किया था, जिसका असर प्रदेश समेत आरंग में भी देखने को मिला। विहिप के बंद को भाजपा तथा शिवसेना का भी समर्थन था जिसके कारण दोनो पार्टियों के कार्यकर्ता भी नगर की दुकानों को बंद करने की अपील करने सड़को पर निकले थे।आरंग में सब्जी मंडी,किराना दुकान,होटल,शोरूम भी दोपहर तक बंद रहे।
आरंग के प्रमुख चौक चौराहों और गलियों में भी सन्नाटा पसरा हुआ था।वही किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आरंग पुलिस की टीम पूरे क्षेत्र में गश्त कर रही थी। कुल मिलाकर देखा जाए तो व्यापारियों के समर्थन से आरंग में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
ये हुआ था बिरनपुर में-
बता दें कि, 8 अप्रैल को दोपहर साजा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले बिरनपुर गांव में दो बच्चों के बीच मामूली कहासुनी हुई और एक बच्चे ने दूसरे बच्चे के ऊपर हमला कर दिया. जिसके बाद देखते ही देखते यह मामला खूनी संघर्ष में बदल गया. इस घटना में एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसके चलते 22 वर्षीय युवक भुनेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी और पूरा शहर देखते ही देखते छावनी में तब्दील हो गया.