रायपुर। राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित लोक कलाकार राकेश तिवारी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर इस वर्ष आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की थीम पद्म विभूषण तीजन बाई को समर्पित करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पंडवानी कला और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने में पद्म विभूषण तीजन बाई का अतुलनीय योगदान रहा है। वे छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकपरंपरा की सशक्त प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने मांग की है कि राज्योत्सव के मुख्य मंच की पृष्ठभूमि में तीजन बाई की कलात्मक आकृति/चित्र प्रदर्शित किया जाए तथा राज्योत्सव परिसर में लगाए जाने वाले बैनर, पोस्टर, प्रवेश द्वार एवं अन्य प्रचार-सामग्री में भी उन्हें प्रमुख स्थान दिया जाए। साथ ही कार्यक्रमों के माध्यम से पंडवानी एवं छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को विशेष रूप से रेखांकित किया जाए। लोक कलाकार तिवारी ने कहा कि ऐसा प्रयास प्रदेश की महान लोककलाकार को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।



