छत्तीसगढ़ • रायपुर

डीजीजीआई का छापा, शदाणी दरबार मार्केट के गोदाम में मिले 50 से ज्यादा सितार गुटखा के बोरे

महाराष्ट्र से मिले सुराग के बाद तीन गाड़ियों में पहुंची टीम
स्टॉक और कागजात की जांच

किसका स्टॉक है, जांच की जा रही

रायपुर। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम ने महाराष्ट्र से मिले सुराग के बाद मंगलवार रात शदाणी दरबार मार्केट स्थित सितार गुटखा के एक गोदाम पर छापेमार कार्रवाई की। तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने गोदाम को जांच के दायरे में लेते हुए वहां रखे गुटखे के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। कार्रवाई के दौरान गोदाम में 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा मिला है। देर रात तक टीम की जांच जारी थी। जब्त किए गए सितार गुटखा के डुप्लीकेट होने की भी आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि डीजीजीआई को महाराष्ट्र से सूचना मिली थी कि शद्दाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखा गया है। इनपुट के आधार पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में गुटखा मिलने के बाद अधिकारियों ने स्टॉक से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी खंगालने शुरू किए।

किसका गुटखा है पता लगाया जा रहा

अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि गोदाम में रखा गुटखा किसका है और स्टॉक से संबंधित दस्तावेज क्या हैं। टीम स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान कर रही है। इसके अलावा गुटखे के गोदाम तक पहुंचने और यहां रखे जाने से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। डीजीजीआई की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे। फिलहाल टीम गोदाम में मिले स्टॉक और दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी