अध्यात्म • छत्तीसगढ़ • धर्म

300 से अधिक सुहागिनों ने की पूजा-अर्चना

रायपुर, 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पंजाबी सनातन सभा के अध्यक्ष सतिंदर कोहली, महासचिव राजीव विग, कोषाध्यक्ष विकास मोदी, उपाध्यक्ष विकास विग, सांस्कृतिक सचिव अश्विनी विग ने बताया कि महिला मंडल एवं महिला मंडल (यूथ) के सयुक्त तत्वधान में गुरुवार को पंजाब केसरी भवन, जोरा में करवाचौथ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 300 से अधिक सुहागिन महिलाओं ने एकत्रित होकर करवा माता की पूजा-अर्चना की और अपने पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने करवाचौथ की कथा सुनी तथा एक-दूसरे के साथ थाली घुमाकर सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। ढोल की थाप, पारंपरिक गीतों और महिलाओं के उत्साह से पंजाब केसरी भवन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम में सास-बहू, भाभी-दीदी और सखियों के आत्मीय संबोधनों के बीच पारिवारिक रिश्तों की मिठास देखने को मिली। हाउजी-तंबोला, मनोरंजक खेलों और सेल्फी के दौर ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। अर्ली बर्ड, बेस्ट ड्रेस, करवाचौथ क्वीन, लकी ड्रॉ और बेस्ट मेहंदी जैसी श्रेणियों में आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए।

कार्यक्रम का संचालन विभूति अरोड़ा एवं नीलम विग ने शानदार अंदाज में किया। दोनों एंकरों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और रोचक संवादों से उपस्थित महिलाओं को पूरे समय कार्यक्रम से जोड़े रखा। मीनू, पूजा, तृषा, श्वेता साहनी, अर्चना डॉगर और स्मिता पृथी सहित आयोजन से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष सतिंदर कोहली, महासचिव राजीव विग, कोषाध्यक्ष विकास मोदी, उपाध्यक्ष विकास विग, सांस्कृतिक सचिव अश्विनी विग एवं यूथ विंग अध्यक्ष विवेक साहनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महिला मंडल अध्यक्षा अलका मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने महिलाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।

छत्तीसगढ़ पंजाबी सनातन सभा के मीडिया प्रभारी रोहित अरोड़ा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य करवाचौथ की पारंपरिक मान्यताओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज की महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है। 300 से अधिक सुहागिनों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी