युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हुआ कार्यक्रम
रायपुर। दिशा कॉलेज, रायपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से “मेरा युवा भारत – विकसित भारत युवा संवाद: अपने वोट को जानें” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बृजमोहन अग्रवाल, सांसद, रायपुर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रमन पटेल असिस्टेंट डायरेक्टर माय भारत एवं नीरज तिवारी, सुयश पाण्डेय यूथ आइकन डिप्टी एडवोकेट जनरल गवर्नमेंट ऑफ छत्तीसगढ़ एवं प्राचार्य डॉ ए के तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. के. तिवारी द्वारा उपस्थित अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बृजमोहन अग्रवाल, सांसद, रायपुर ने युवा संवाद में युवाओं को संबोधित करते हुए मतदान, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहज, प्रभावशाली एवं सारगर्भित ढंग से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने, अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक युवा को अपने मताधिकार, मतदान प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी होनी चाहिए। जागरूक मतदाता ही देश के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार किया जा सकता है।” युवा सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला जिसमें उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवाओं में नेतृत्व के गुण विकसित करे जिस क्षेत्र में भी वे कार्य करे उस क्षेत्र में अपना श्रेष्ठ योगदान दे। कार्यक्रम में उन्होंने संदेश दिया कि की जागरूक युवा, जिम्मेदार मतदाता और सक्रिय नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।
इस अवसर पर डॉ. ए.के. तिवारी, प्राचार्य, दिशा कॉलेज, रायपुर ने अपने उदबोधन में कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए युवाओं का जागरूक होना तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। ज्ञान ही मानव जीवन की सर्वोच्च उपलब्धि है। ज्ञान केवल पुस्तकीय जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के विचारों, व्यवहार, विवेक और चरित्र को परिष्कृत करने का माध्यम है। ज्ञान मनुष्य को सही और गलत के बीच अंतर करना सिखाता है तथा उसे जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। एक ज्ञानवान युवा न केवल अपने भविष्य का निर्माण करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में रमन पटेल असिस्टेंट डायरेक्टर माय भारत ने विकसित भारत यंग लीडर 2027 के बारे में संपूर्ण जानकारी युवाओं को दी और साथ एस आई आर की प्रकिया के बारे में संपूर्ण जानकारी के साथ उन्हें सोच-समझकर मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
सुयश पाण्डेय यूथ आइकन डिप्टी एडवोकेट जनरल गवर्नमेंट ऑफ छत्तीसगढ़ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि* लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक युवा को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा मतदान प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और अपने वोट के महत्व की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। युवाओं की जागरूकता और सहभागिता से ही लोकतंत्र को सशक्त बनाया जा सकता है तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए मतदान के महत्व को समझने, मताधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी प्राध्यापक गण एवं विद्यार्थियों उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन डॉ ए पूजा नारायण द्वारा किया गया।