सिकासा रायपुर ने किया आर्टिकलशिप ड्राइव 2026 का आयोजन
रायपुर। रायपुर ब्रांच ऑफ सीआईआरसी ऑफ आईसीएआई एवं सिकासा रायपुर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को होटल आई-स्टे, रायपुर में आर्टिकलशिप ड्राइव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीए विद्यार्थियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों को एक साझा मंच प्रदान करना था।
सिकासा चेयरमैन सीए संस्कार अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को एक ही दिन, एक ही स्थान पर अनेक सीए फर्मों में साक्षात्कार देने का अवसर मिलता है। इससे उन्हें अलग-अलग फर्मों के कार्यालयों में जाकर साक्षात्कार देने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा वे विभिन्न कार्यक्षेत्रों और कार्यप्रणालियों को समझकर अपने लिए उपयुक्त फर्म का चयन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में रायपुर ब्रांच के सेक्रेटरी सीए ऋषिकेश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समन्वयक सीए रवि जैन, वाइस चेयरमैन, रायपुर ब्रांच एवं सीए अमित शर्मा, प्रेसिडेंट, आईटीबीए रहे।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर आर्टिकलशिप अवसरों से जोड़ने तथा सीए फर्मों को योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों से संवाद करने का अवसर प्रदान किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करना और उनके करियर की शुरुआत को अधिक सुगम बनाना है।