रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 25 जिलों में आयोजित ‘निधि आपके निकट 2.0’ (NAN 2.0) विशेष जन-सुनवाई एवं आउटरीच शिविरों का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। दिनांक 27.10.2026 को राज्य के विभिन्न चिन्हित स्थानों, जिला पंचायतों, कलेक्ट्रेट कार्यालयों और ईएसआईसी (ESIC) केंद्रों पर आयोजित इन शिविरों को व्यापक जन-भागीदारी के साथ भारी सफलता मिली।
इस देशव्यापी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नियोक्ता (Employers), कर्मचारी (Employees), विभिन्न श्रमिक संघों के प्रतिनिधि (Trade Unions) और पेंशनभोगी शामिल हुए।
शिविरों के मुख्य आंकड़े और उपलब्धियां:
नियोक्ताओं की उपस्थिति: राज्य भर से 70 से अधिक नियोक्ताओं और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने शिविरों में भाग लिया, जिन्हें नए अनुपालन नियमों और ऑनलाइन पोर्टल के संचालन की जानकारी दी गई।
कर्मचारियों की भागीदारी: भविष्य निधि के 400 से अधिक सक्रिय कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपनी तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं का समाधान पाया
पेंशनभोगियों का आगमन:
शिविरों में बुजुर्ग पेंशनभोगी शामिल हुए, जिनके डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) जमा करने और पेंशन विसंगतियों को दूर करने का कार्य प्राथमिकता पर किया गया।
प्रयास’ योजना के तहत PPO वितरण: ईपीएफओ की विशेष ‘प्रयास’ योजना (जिसके तहत सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश जारी किया जाता है) के अंतर्गत पात्र कर्मचारियों को पीपीओ (PPO) प्रतियों का मौके पर ही वितरण किया गया।
मौके पर शिकायतों का निवारण:
नोडल अधिकारियों द्वारा भविष्य निधि (PF) निकासी, ऑनलाइन क्लेम, ई-नामांकन (E-Nomination), यूएएन (UAN) एक्टिवेशन और केवाईसी (KYC) सुधार से जुड़ी लगभग 350 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निपटारा किया गया।
क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जिलों में नियुक्त नोडल अधिकारियों और उनकी टीमों की सराहना की, जिन्होंने पूरी तत्परता से प्रत्येक आगंतुक की समस्याओं को सुना और उनका समाधान सुनिश्चित किया। कार्यालय प्रभारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त श्री जयवदन इंगले ने बताया कि ईपीएफओ भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से अपने सदस्यों तक सीधी सेवाएं पहुंचाना जारी रखेगा।