रायपुर। रायपुर छत्तीसगढ़ की 16 वर्षीय हर्षिका सौंधी ने आर्ना फाउंडेशन, ब्यूटी आइकॉन इंडिया एवं ग्लोबल आइकॉन आॅफ इंडिया सीजन-7 में मिस कैटेगरी का विजेता खिताब हासिल किया है। डॉ. रूना शर्मा द्वारा ललित महल में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हर्षिका इससे पहले भी कई पेजेंट शो और ब्यूटी टाइटल जीत चुकी हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में फेमिना मिस इंडिया ईस्ट 2026 डॉ. अनुष्का सोन, विनीता मलिक, सैबी सूरी सहित कई प्रतिष्ठित बॉलीवुड एवं फैशन जगत की हस्तियां शामिल थीं।
हर्षिका ने ट्रेडिशनल, क्रिएटिव और गाउन राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। उनके क्रिएटिव राउंड का विषय शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं का तनाव, अवसरों की समानता, शिक्षा में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर आधारित था। प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने शिक्षा में मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास के महत्व का संदेश दिया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल रायपुर की कक्षा 11वीं (ह्युमेनिटिस) की छात्रा हर्षिका पढ़ाई में मेधावी, आत्मविश्वासी और लक्ष्य के प्रति स्पष्ट सोच रखने वाली हैं। वे भविष्य में मनोविज्ञान के क्षेत्र में कॅरियर बनाकर तनाव, चिंता और अन्य मानसिक चुनौतियों से जूझ रहे युवाओं की सहायता करना चाहती हैं। हर्षिका अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता शत्रुघ्न सौंधी, माता डॉ. सुजाता सौंधी और परिवार को देती हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।