रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में शनिवार को अभिभावकों ने गजब का गरबा किया। दरअसल यह आयोजन विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए ही विशेष रूप से किया गया, जिसका उन्होंने भरपूर लुत्फ लिया। अपने-अपने बच्चों के साथ गरबा के पारंपरिक परिधान में तैयार होकर पहुंचीं उनकी मम्मियों से शारदीय नवरात्र और भारतीय संस्कृति के बारे में प्रश्न पूछे गए। सही जवाब देने वालों को आकर्षक उपहार भी दिए गए। वहीं महाराष्ट्र मंडल में रास गरबा महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार रात को दिव्यांग जन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने मां अंबे की महाआरती करते हुए गरबा की शुरूआत की। दूसरे दिन भी बच्चों में ट्रेडिशनल ड्रेस कोड के साथ गरबा करने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।