रायपुर। श्रीदशा सोरठीया वणिक समाज रायपुर द्वारा कलर्स मॉल के सामने, धमतरी रोड पचपेड़ीनाका स्थित राममंगलम भवन में शारदीय नवरात्रि की प्रथमा तिथि 11 अक्टूबर से ‘सोरठी नवरात्रि उत्सव-2026’ की धूम है। जिसका शुभारंभ प्रात:काल विधिवत पूजा-अर्चना के साथ घट स्थापना व जंवारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। वहीं रात्रि 9.30 बजे माताजी का आह्वान कर पारंपरिक रास गरबा की शुरुआत की गई।
समाज के युवा मंडल के अध्यक्ष प्रतीक बाबरिया व उपाध्यक्ष कल्पेश धोलकिया ने बताया, यहां लाईव आर्केस्ट्रा के साथ केवल पारंपरिक गरबा लोकगीतों पर ही गरबा-डांडिया किया जा रहा है। समाज की ओर से शारदीय नवरात्रि पर होने वाले इस आयोजन का यह 37वां वर्ष है। नवभारत इस उत्सव का मीडिया पार्टनर है।
सोमवार, 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में प्रतिदिन रात्रि 9.30 बजे से लाईव आर्केस्ट्रा के साथ गुजराती गरबा पारंपरिक लोकगीत पर मर्यादित-अनुशासित रूप से गरबा नृत्य का आनंद
भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ लिया जा रहा है। जिसमें केवल आमंत्रण पत्र के द्वारा ही पारिवारिक प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं गरबा नृत्य के लिए गरबा की पारंपरिक वेशभूषा अनिवार्य है। गरबा स्थल पर चप्पल-जूते पहनकर आना निषेध रखा गया है। शनिवार को इस उत्सव के सातवें दिन लगभग 800 से अधिक हर आयु वर्ग के श्रद्धालु गरबा नृत्य के लिए एकत्र हुए। गरबा उत्सव स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया गया है। माता रानी की कृपा से संपूर्ण वातावरण पारिवारिक एवं भक्तिमय रहता है।