छत्तीसगढ़

नवरात्रि पर रायपुर शहर में चारों तरफ गरबा की रहेगी धूम

उत्सव को यादगार बनाने समितियों ने की बड़े स्तर की तैयारियां

आदिशक्ति मां जगदम्बा भवानी की सेवा भक्ति करने पूरे नौ दिनों तक प्रवाहित होगी भक्तिगंगा

देश के प्रख्यात कलाकार देंगे भक्तिमय प्रस्तुतियां

रायपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि पर शहर में गरबा की धूम रहेगी। पूरे नौ दिनों तक भक्ति की बयार बहेगी। इसके लिए समितियों ने तैयारी कर ली है। कहीं पर टीवी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे तो कही स्थानीय कलाकार अपनी संगीत से गरबा मैदान में थिरकने को मजबूर कर देंगे। राजधानी एक बार फिर गरबा, भक्ति, संगीत और उत्साह के रंग में रंगने तैयार है।

संकल्प नवरात्रि गरबा उत्सव

बीटीआई मैदान शंकरनगर में संकल्प नवरात्रि गरबा उत्सव का यह 15वां वर्ष रहेगा। लगभग 60, 000 वर्गफीट मैदान में इस गरबा उत्सव की तैयारी की जा रही है। समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया, गरबा मैदान में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। गरबा नृत्य करने के लिए पारम्परिक वेशभूषा अनिवार्य रखी जाएगी। सुरक्षा के सभी प्रबंध भी रहेंगे। यहां गरबा उत्सव 11अक्टूबर से यानी नवरात्रि के पहले दिन से ही प्रारंभ हो जाएगा।

रंगीलो रास सीजन-3: गरबा उत्सव

इंडोर स्टेडियम में 16 से 19 अक्टूबर तक रंगीलो रास सीजन-3: गरबा उत्सव का भव्य आयोजन बूढ़ातालाब के सामने इंडोर स्टेडियम में होगा। इस वर्ष गरबा उत्सव की थीम ‘आज का गरबा, कल का रायपुर’ रहेगी। मुख्य आयोजक तुषार चोपड़ा ने बताया, इस थीम के माध्यम से गरबा उत्सव को रायपुर के भविष्य की सोच और युवाओं के विजन से जोड़ने की विशेष पहल की जा रही है। आयोजन में जहां एक ओर माता रानी की आराधना के साथ पारंपरिक गरबा और डांस का उत्साह देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर लाइव बैंड, मनोरंजन, शानदार मंचीय प्रस्तुतियों और युवाओं की भागीदारी के साथ रायपुर के भविष्य को लेकर विचार और सुझाव साझा करने का मौका भी मिलेगा। खास तौर से इस उत्सव की थीम के अनुसार युवाओं और ‘जेन ज़ी’ को अपने सपनों के रायपुर की कल्पना साझा करने प्रेरित किया जाएगा। इस भक्तिपूर्ण उत्सव को लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ मना सकेंगे। इंडियास गॉट टैलेंट, रियलिटी शो- सा रे गा मा पा-2018 और कई बॉलीवुड फिल्मों में अपनी आवाज दे चुकीं मुंबई की सिंगर और एंकर इस गरबा की शाम को और भी खास बनाएंगे।

समता रास गरबा उत्सव 11 से 19 तक

अग्रसेन चौक स्थित भैंसथान मैदान में समता रास गरबा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन 11 से 19 अक्टूबर तक होगा। आयोजन समिति के प्रमुख सुबोध हरितवाल व उनके जुड़े आयोजकों ने बताया, इस वर्ष पूरे नौ दिनों तक समता रास गरबा स्थल पर पारंपरिक गरबा, धार्मिक संगीत और उत्साह का रंग देखने को मिलेगा। आयोजन स्थल की साज-सज्जा, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

कच्छ कड़वा पाटीदार समाज

प्राचीन व गुजराती पारंपरिक शैली में गरबा उत्सव के प्रख्यात कच्छ कड़वा पाटीदार समाज द्वारा इस वर्ष फाफाडीह के अलावा भनपुरी स्थित सामाजिक भवन में भी गरबा उत्सव का आयोजन होगा। प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रि पर पाटीदार समाज का यह पारंपरिक गरबा उत्सव लगभग 60 वर्षों से लगातार आयोजित किया जाता रहा है। संगठन के प्रमुख हरसुख भाई पटेल और युवा मंडल के विश्राम भाई पटेल ने बताया, यह गरबा उत्सव पूर्णत: पारिवारिक व आध्यात्मिक परिवेश में मनाया जाएगा, जिसमें रायपुर के ही भजन गायक पारंपरिक गरबा गीतों की प्रस्तुति देंगे। 5 वर्ष से लेकर 70 वर्ष की बुजुर्ग महिलाएं भी गरबे की थाप पर इस उत्सव में थिरकते दिखाई देंगी।

About the author

मीडिया एमपीसीजी