छत्तीसगढ़ • रायपुर

एनएसएस के स्थापना दिवस पर एचआईवी एवं एड्स जागरूकता कार्यक्रम 

रायपुर। दिशा कॉलेज, रायपुर में एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर एचआईवी एवं एड्स संवेदनशीलता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हाइजीन एवं सैनिटेशन सेल द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं रेड रिबन क्लब के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी एवं एड्स के कारणों, संक्रमण से बचाव, रोकथाम, उपचार एवं देखभाल के संबंध में जागरूक करना तथा एचआईवी से संबंधित भ्रांतियों एवं सामाजिक भेदभाव को दूर करना था। विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिशा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी ने कहा कि एचआईवी एवं एड्स के प्रति जागरूकता ही इसके प्रभावी नियंत्रण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा समाज में भी सही एवं प्रमाणित जानकारी का प्रसार करें। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, जिम्मेदार व्यवहार तथा मानवता एवं संवेदनशीलता के साथ एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर डॉ. आलोक पांडेय एवं डॉ. राजकुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को एचआईवी एवं एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा इसकी रोकथाम एवं जागरूकता के उपायों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, रेड रिबन क्लब के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को एचआईवी एवं एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी