रायपुर- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 20 मार्च 2023 को “ट्रेंड्स एंड एप्लीकेशंस ऑफ मशीन लर्निंग” पर व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का आयोजन संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के द्वारा किया गया था। सत्र के मुख्य वक्ता आईआईआईटी बैंगलोर की एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉ. नीलम सिन्हा और आईआईआईटी बैंगलोर के सहायक प्रोफ़ेसर डॉ. जी. आर. सिन्हा रहे। सत्र का संचालन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के एचओडी डॉ. राकेश त्रिपाठी और सहायक प्रोफ़ेसर डॉ. मृदु साहू के मार्गदर्शन में किया गया।
डॉ. नीलम सिन्हा आईआईएससी बैंगलोर से पीएचडी प्राप्त हैं , जहां उनकी रिसर्च मेडिकल इमेजिंग और प्रोसेसिंग पर केंद्रित रही। डॉ. नीलम सिन्हा I.I.Sc. में मेडिकल इंटेलिजेंस एंड लैंग्वेज इंजीनियरिंग (MILE) लैब का हिस्सा रह चुकी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न चिकित्सा स्थितियों की पहचान और विश्लेषण करने के लिए मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग में मशीन लर्निंग का उपयोग कैसे किया जा सकता है, जो पार्किंसंस रोग और अन्य बीमारियों के तुरंत उपचार में मदद करेगा।
डॉ. जी. आर. सिन्हा ने सीएसवीटीयू भिलाई से पीएचडी की , जहां उन्होंने कॉग्निटिव साइंस और बायोमेडिकल सिग्नल प्रोसेसिंग पर रिसर्च की और उससे संबंधित क्षेत्रों पर कई रीसर्च पत्र प्रकाशित किए। डॉ. जी. आर. सिन्हा ने ‘आर्टिफिशल इंटेलिजंस इंटरवेंशन इन स्टडी ऑफ माइंडफूल प्रैक्टिसेस’ विषय पर व्याख्यान दिया एवं मशीन लर्निंग में नवीनतम रुझान और प्रगति के बारे में बताते हुए भविष्य में उसके महत्त्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को मशीन लर्निंग के क्षेत्र में अपना करिअर बनाने एवं इस विषय पर अपनी समझ को व्यापक करने की सलाह दी।
अंत में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की डॉ. मृदु साहू ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया और उनके धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान विद्यार्थी व फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे |