आरंग(23.03.23)- “हमारी टीम जहाँ से गुजरी वहाँ हमारा हर जगह स्वागत हुआ,लेकिन रायपुर पहुँचने के बाद यहाँ के लोगो ने फूलों से स्वागत किया और फूल बिछा रखे थे।हमारे लिए यहाँ के लोगो ने पलके बिछा रखी थी।” रायपुर से आरंग के ग्राम भिलाई स्थित ग्रुप सेंटर पहुँचने के दौरान CRPF की 75 महिला बाइक राइडर्स का नेतृत्व करने वाली CRPF की 200 बटालियन की डिप्टी कमांडर तारा यादव ने अपने अनुभव शेयर करते हुए ये बातें कही है।
देश की राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट से महिला सशक्तिकरण और समग्रता के संदेश को फैलाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला बाइक राइडर्स ‘डेयरडेविल’ द्वारा बाइक रैली की शुरुआत की गई है जो छत्तीसगढ़ पहुँच चुकी है।गुरुवार को आरंग के ग्राम भिलाई स्थित CRPF ग्रुप सेंटर आयोजित कार्यक्रम में रैली में शामिल CRPF की 75 महिला बाइक राइडर्स का सम्मान किया गया।कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल तथा धमतरी की विधायक रंजना साहू बतौर अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम भिलाई की स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।इसके बाद पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने झंडी दिखाकर बाइक रैली को कोंडागांव के लिए रवाना किया।
CRPF 200 बटालियन की डिप्टी कमांडर तारा यादव ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि रैली के छत्तीसगढ़ पहुँचते ही लोगो द्वारा जगह जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है,ये उनके और उनकी टीम के लिए गर्व की बात है।यात्रा के दौरान रोजाना 350 किमी का सफर तय करना होता है जिसमे लगभग साढ़े छह घंटा का समय लगता है।
आपको बता दे कि भारत सरकार द्वारा “नारी शक्ति” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए महिला, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की ओर से महिला बाईक रैली का आयोजन “देश के हम है रक्षक” नामक अखिल महिला केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल बाईक अभियान के तहत आयोजन किया जा रहा है अन्तरर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 09 मार्च से 25 मार्च – 2023 तक महिला सशक्तिकरण और समग्रता के संदेश को फैलाने के लिए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला ‘डेयरडेविल्स’ ने 09 मार्च 2023 को राष्ट्रीय राजधानी में इंडिया गेट नई दिल्ली से छत्तीसगढ़ के जगदलपुर, (वाया आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, भोपाल, नागपुर, भण्डारा रायपुर, कोण्डागाँव एवं जगदलपुर) तक 1725 किलोमीटर की बाइक रैली की शुरूआत की है।
जिसमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 75 महिला राईडर्स स्थानीय लोगों, स्कूलों एवं कॉलेजों की महिलाओं, युवाओं और छात्रों सहित सभी लोगों को उत्साहित किया जा रहा है, तथा उन्हें बल में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के स्मरण में महिला बाईक अभियान रैली का समापन CRPF के स्थापना दिवस यानी 24 मार्च को जगदलपुर में होगा जिसमें देश के गृहमंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे।