नक्सलियों ने एक बार फिर दावा किया है कि कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मनहार उनके पास हैं और सुरक्षित हैं। नक्सलियों ने कहा है कि सरकार बातचीत के लिए मध्यस्थों के नाम की घोषणा करे, इसके बाद वे जवान को सौंप देंगे। साथ ही नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुई मुठभेड़ में अपने 5 साथियों के मारे जाने की भी पुष्टि की है। जवान राकेश्वर सिंह मुठभेड़ के बाद से लापता हैं।
तर्रेम क्षेत्र के जीरागुडेम गांव के पास हुई मुठभेड़ के तीसरे दिन मंगलवार को नक्सलियों ने फिर एक प्रेस नोट जारी किया है। इसमें नक्सलियों ने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति खेद जताया है। साथ ही मुठभेड़ के बाद जवानों के 14 हथियार और 2000 से ज्यादा कारतूस ले जाने का दावा किया है। यह भी बताया कि नक्सली ओड़ी सन्नी, कोवासी बदरू, पदाम लखमा, माड़वी सुक्खा व नूपा सुरेश मारे गए हैं। इनमें से नक्सली सन्नी का शव नहीं ले जा सके।

