कोरोना की दूसरी लहर का राजधानी रायपुर में असर कम करने के लिहाज से शहर-जिले की सीमाओं पर बाहर से आने वाले हर व्यक्ति का कोरोना टेस्ट होगा। रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के प्रस्ताव के बाद कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने मंजूरी दे दी है। प्रशासन को दिए गए प्रस्ताव में सीएमएचओ की ओर से कहा गया है कि आने वाले हर व्यक्ति का एंटीजन टेस्ट कर सकते हैं, जिसकी रिपोर्ट पांच-सात मिनट में आ जाएगी। अगर वहां लोग पाॅजिटिव निकलें तो उनके जिलों को इसकी सूचना देकर वहां अस्पताल में भर्ती करने या होम आइसोलेशन का सुझाव दिया जाएगा। दूसरे प्रदेश व जिलों में कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। राजधानी में दूसरी लहर न आए, इसके लिए जरूरी उपाय करने होंगे। शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को सीमा पर ही एंटीजन टेस्ट कर लिया जाए। यदि वे पॉजिटिव आते हैं तो संबंधित जिले को सूचना देकर अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की जाए। बिना व हल्के लक्षण वाले हों तो होम आइसोलेशन की सुविधा दी जा सकती है।

