रायपुर। युवा-केंद्रित मंच ‘यूनाइट इंडिया’ ने टीबी उन्मूलन पर युवाओं के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की। जिसमें रायपुर के युवाओं ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इस राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए, डब्ल्यूटीसी फाउंडेशन और द चैलेंजर्स क्लब के संस्थापक सौमित्र साहा ने यूथ एंबेसडर के रूप में भाग लिया। इससे राज्य के युवाओं के दृष्टिकोण व अनुभवों को राष्ट्रीय मंच पर लाने का अवसर मिला। साथ ही इस आयोजन ने टीबी उन्मूलन के साझा लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे अन्य राज्यों के युवाओं के साथ जुड़ने का मौका भी दिया।
इस वर्कशॉप में भारत के 12 राज्यों के यूथ एंबेसडर शामिल हुए। जिनके मार्गदर्शन में टीबी उन्मूलन के लिए इस दौरान सामूहिक रणनीति विकसित करने की भावी योजना भी बनी। यूनाइट इंडिया एक युवा-केंद्रित मंच है जो नेतृत्व, क्षमता निर्माण, सामुदायिक जुड़ाव एवं युवाओं को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहा है। इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में इंडिया वर्किंग ग्रुप के नीति विशेषज्ञ, सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए समर्पित संस्था अलायंस इंडिया के प्रतिनिधि और दिल्ली में टीबी नियंत्रण की देखरेख करने वाले राज्य क्षय रोग कार्यालय (एसटीओ-देहली) के चिकित्सा अधिकारी मुख्य वक्ता रूप में मौदूद थे।



