धमतरी और बिलासपुर के जागरूकता कार्यक्रम को किया संबोधित
रायपुर. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में आंचलिक कार्यालय से तीन दिवसीय दौरे पर आए हुए क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शिखर शर्मा, द्वारा ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के संदर्भ में एक जागरूकता कार्यक्रम धमतरी में 7 अक्टूबर को आयोजित किया गया जिसमें शिखर शर्मा, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा संचालित की जा रही नवीन योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही नियोक्ताओं एवं कर्मचारियों को नवीन योजनाओं यथा विश्वास (एमनेस्टी स्कीम), प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी नामांकन योजना (ईसी) 2025, के संबंध में विस्तृत जानकारी दी एवं सभी को इन योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में अपील की।
उन्होंने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा संगठित क्षेत्र के मजदूरों/कर्मचारियों जो संगठन के अंशदाता हैं या बन सकते हैं उन सभी को संबोधित करते हुए अधिनियम में आये नवीनतम बदलावों के संबंध में जानकारी दी जिसके द्वारा 17 सितंबर 2026 से भविष्य निधि अंशदान कटौती हेतु अधिकतम वेतन की सीमा रुपये 15000/- से 25000/- कर दी गयी है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को लखन लाल देवांगन, वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन से सौजन्य मुलाकात की एवं संगठन में आये नवीन परिवर्तनों के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही 19 जून 2026 को ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के भव्य कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में बधाई दी एवं भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम में उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग हेतु अनुरोध किया।
साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर एवं जिला कार्यालय, बिलासपुर का प्रशासनिक निरीक्षण 7 से 9 अक्टूबर तक किया जिसमें शिखर शर्मा ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की नवीन योजनाओं के विषय में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के प्रभारी अधिकारी जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1, दासरथी नाग, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2, गौरव डोगरा, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2, उपस्थित थे।
क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह कार्यक्रम भी क्षेत्रीय आयुक्त शिखर शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया एवं पखवाड़े के दौरान आयोजित की गई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनके द्वारा पुरस्कृत किया गया।