रायपुर। रोटरी क्लब आॅफ रायपुर एलिगेंस द्वारा दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से अपने सेवा प्रकल्प के अंतर्गत ‘खुशियों वाली दिवाली’ का आयोजन किया गया। इस प्रकल्प की चेयरपर्सन श्वेता अग्रवाल रहीं, जिन्होंने क्लब सदस्यों के सहयोग से पुराने खिलौने, कपड़े एवं खाद्य सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंद बच्चों के बीच वितरित किए। क्लब की अध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने कहा कि, दीपावली खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का त्योहार है। यदि हमारी छोटी-सी कोशिश से किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आ सके, तो इससे बड़ी खुशी और कोई नहीं हो सकती। वहींक्लब की सचिव डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा, बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखकर मन को बेहद सुकून मिला। हमारा प्रयास था कि इन बच्चों की दिवाली भी थोड़ी और खास और खुशहाल बन सके। सच्ची दिवाली तभी है, जब हमारी खुशियों में दूसरों की खुशियां भी शामिल हों। प्रकल्प की चेयरपर्सन श्वेता अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उत्साहपूर्वक खिलौने, कपड़े एवं खाद्य सामग्री का सहयोग दिया। सभी के सामूहिक प्रयास से यह पहल सफल रही।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि दिवाली की असली रोशनी दीपों से नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से फैलती है। रोटरी एलिगेंस का यह प्रयास सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को साकार करता है।