विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा SBI RSETI बेमेतरा: निःशुल्क राजमिस्त्री प्रशिक्षण से ग्रामीण युवाओं को मिला स्वरोजगार का संबल
बेमेतरा, 09 जुलाई 2026/ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) बेमेतरा ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम गोपालभैना में 30 दिवसीय निःशुल्क राजमिस्त्री (मेसन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर निर्माण क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को चिनाई, ईंट जोड़ाई, प्लास्टरिंग, निर्माण कार्यों के नक्शे एवं ले-आउट को पढ़ने, निर्माण सामग्री के वैज्ञानिक उपयोग, गुणवत्ता नियंत्रण तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में युवाओं ने व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर निर्माण कार्यों की आधुनिक तकनीकों को सीखा।
इस प्रशिक्षण की विशेषता केवल तकनीकी कौशल तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से भी जोड़ा गया। उन्हें बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, विभिन्न ऋण योजनाओं तथा बचत एवं निवेश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, ताकि वे स्वरोजगार प्रारंभ करने के साथ-साथ वित्तीय रूप से भी सशक्त बन सकें।
प्रशिक्षण के समापन समारोह में राज्य नियंत्रक आरसेटी श्री अरुण सोनी, मूल्यांकन टीम के सदस्य श्री राम बासु एवं श्री चंदन साहू सहित ग्राम गोपालभैना के जनप्रतिनिधि एवं संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए आवश्यक टूल किट (औजार) का वितरण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्य नियंत्रक आरसेटी श्री अरुण सोनी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब ग्रामीण युवा केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमी बनें। उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री का कार्य ऐसा कौशल है जिसकी गांव से लेकर शहर तक निरंतर मांग बनी रहती है और यह प्रशिक्षण युवाओं को स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक आजीविका अर्जित करने का अवसर प्रदान करेगा।
निदेशक श्री कृष्णा चौधरी ने कहा कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा एवं जिला पंचायत आवास शाखा के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यावसायिक कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
कोर्स कॉर्डिनेटर श्री प्रतीक साहेब गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपना घर बनाने का सपना होता है और उस सपने को मजबूत एवं सुरक्षित आधार देने के लिए तकनीकी रूप से दक्ष एवं प्रशिक्षित राजमिस्त्री तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। SBI RSETI बेमेतरा इसी उद्देश्य के साथ ग्रामीण युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सफल उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने SBI RSETI बेमेतरा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से न केवल उनके कौशल में वृद्धि हुई है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा है। साथ ही उन्हें स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का नया अवसर प्राप्त हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।



