खेल जगत छत्तीसगढ़ रायपुर

गिरिराज बागड़ी को टेबल टेनिस के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शहीद विनोद चौबे सम्मान

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 में गिरिराज बागड़ी को टेबल टेनिस के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा “शहीद विनोद चौबे सम्मान (2023-24) – खेल रत्न” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

गिरिराज बागड़ी ने वर्ष 1979 से टेबल टेनिस खेलना प्रारंभ किया और अपने खेल जीवन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक उपलब्धियाँ अर्जित कीं। उन्होंने अनेक अवसरों पर अपने महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया तथा अधिकांश प्रतियोगिताओं में विजेता घोषित हुए।

उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में भी अपने राज्य का प्रतिनिधित्व किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वर्ष 2023 में उन्होंने ओमान में आयोजित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

टेबल टेनिस के प्रति उनका समर्पण केवल उनके व्यक्तिगत खेल जीवन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि यह खेल उनके परिवार की नई पीढ़ी तक भी पहुँचा है। उनके पुत्र एवं पोती भी वर्तमान में टेबल टेनिस खेल रहे हैं और इस खेल की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। गिरिराज बागड़ी का खेल जीवन उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और टेबल टेनिस के प्रति उनके अटूट समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी