रायपुर। शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का स्थापना दिवस समारोह उत्साह, उमंग एवं सामाजिक सारोकार के साथ गरिमामय रूप से शहर के एक निजी होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए फाउंडेशन की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर के नेतृत्व के द्वारा किए जा रहे कार्यों को आगे बढ़ाने तथा समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुनील सोनी व संजय श्रीवास्तव एवं योगेश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण लाहोटी समाज सेवी नवीन लोधा व अन्य ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं संस्थापिका श्वेता ठाकुर ने संस्था की स्थापना, उद्देश्य एवं वर्षभर में किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को शिक्षा, कला, खेल, कौशल विकास एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनाना है।
स्थापना दिवस के अवसर पर फाउंडेशन द्वारा वर्षभर किए गए विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रस्तुत किया गया। इनमें जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, महिलाओं के लिए सिलाई एवं कौशल प्रशिक्षण, सांस्कृतिक एवं कला गतिविधियां, खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन तथा समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए विभिन्न सेवा कार्य शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, कला एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बच्चों एवं प्रतिभाओं को सम्मान एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मीनारायण लाहोटी का सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य, बच्चे, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में अपने सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



