रायपुर। श्रीसत्य सार्इं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर में बुधवार को डॉ. सी.राजेश्वरी जी के प्रेरणादायी जीवन, चिकित्सा सेवा और मानवता के प्रति उनके समर्पण पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘डॉक्टर अम्मा’ का विशेष प्रदर्शन किया गया।
डॉ. सी. राजेश्वरी, सी. श्रीनिवास की माता तथा श्रीसत्य सार्इं स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवा आंदोलन की प्रेरणास्रोत थीं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन चिकित्सा एवं मानव सेवा के लिए समर्पित किया। अत्यंत शिक्षित और अनुभवी चिकित्सक डॉ. राजेश्वरी ने भारत के साथ-साथ अमेरिका, ब्रिटेन और घाना में भी चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने एमडी, डीजीओ, एफआईसीएस, एमआरसीओजी, डिप्लोमा इन न्यूट्रिशन जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं प्राप्त की थीं और 25 से अधिक वर्षों तक आंध्रप्रदेश में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा प्रोफेसर के रूप में शासकीय सेवा में कार्य किया। श्रीसत्य सार्इं बाबा के आह्वान पर वर्ष 1972 में व्हाइटफील्ड, बेंगलुरु स्थित अस्पताल से जुड़कर उन्होंने नि:शुल्क चिकित्सा सेवा को अपने जीवन का ध्येय बना लिया था।
डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह उनकी धर्मपत्नी वीणा सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह,
बीएसएफ के द्वितीय कमांडेंट रविंद्र झा, क्षेत्रीय निर्देशिका- ब्रह्माकुमारीज, रायपुर बी.के. सविता दीदी, श्रीसत्य सार्इं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के चेयरमैन सी. श्रीनिवास, लेखक व दिग्दर्शक निजामुद्दीन शाह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



