जोरदार आतिशबाजी से जगमग होगा डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान
विजयादशमी पर उमड़ेगा जनसैलाब, 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना
राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
पार्किंग, पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर
रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में विजयादशमी के पावन अवसर पर भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
101 फीट ऊंचे दशानन के दहन और भव्य आतिशबाजी के बीच पूरा दशहरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठेगा। इस भव्य आयोजन में लगभग 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस गरिमामय आयोजन में राज्यपाल महामहिम रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे सहित प्रदेश के मंत्रीगण, विधायकगण, पूर्व विधायक एवं निगम-मंडल के जनप्रतिनिधिगण शामिल होंगे।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने दी तैयारियों के बारे में जानकारी
विजयादशमी उत्सव की तैयारियों को लेकर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में आयोजित होने वाला यह उत्सव राजधानी की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां लगभग 5 लाख लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन को भव्य बनाने के साथ-साथ सभी नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने आयोजन से जुड़े सभी संबंधित विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और आयोजन समिति से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने का आह्वान किया, ताकि विजयादशमी का यह भव्य आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
नागरिकों से सपरिवार उत्सव आने की अपील
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि वे परिवार सहित दशहरा उत्सव में शामिल होकर इस गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा के साक्षी बनें। साथ ही प्रशासन एवं आयोजन समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और दशानन-रावण के दहन एवं आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें । मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की विजयगाथा के साथ यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।