छत्तीसगढ़ रायपुर

सप्रे शाला में बना 20 हजार वर्ग फीट का खेल मैदान

शाला विकास समिति ने किया सामूहिक प्रयास

जिलाधीश व निगम आयुक्त का मिला सहयोग

रायपुर। माधवराव सप्रे उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेजी माध्यम शासकीय उ.मा. विद्यालय बूढ़ापारा की शाला विकास समिति के सामूहिक प्रयासों और जिला प्रशासन के सहयोग से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। शाला विकास समिति के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि समिति द्वारा सबसे महत्वपूर्ण कार्य स्कूल परिसर की लगभग 20,000 वर्गफीट जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराना रहा। जिलाधीश डॉ. गौरव सिंह व निगम आयुक्त विश्वदीप के विशेष प्रयासों व मार्गदर्शन से उक्त भूमि को खाली कराया गया। नगर निगम द्वारा उस पर फ्लोरिंग कराकर खेल मैदान तैयार किया गया, जिसका उपयोग वर्तमान में सैकड़ों विद्यार्थी कर रहे हैं।

सत्र 2024-25 और 2025-26 में शाला विकास समिति द्वारा विद्यालय को 17 प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें स्मार्ट कंप्यूटर कक्ष हेतु 15 कंप्यूटर सेट, शीतल पेयजल के लिए 2 वॉटर कूलर व 2 बड़े कूलर, शालेय कार्यक्रमों के लिए साउंड सिस्टम, 100 फाइबर चेयर, छात्राओं के लिए सेनेटरी व इनसिनेटर मशीन, मध्यान्ह भोजन के लिए 6 सिंक वाला वॉश बेसिन, फोटो कॉपी मशीन, व्हाइट बोर्ड, अलमारी, टेबल आदि शामिल हैं। समिति की सचिव डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव व सदस्य महादेव नायक, संतोष सोनी, मुरली शर्मा, प्रमित नियोगी का शाला विकास में विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के प्राचार्य ने शाला विकास समिति एवं जिला प्रशासन के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी