रायपुर। सहयोग एक सामाजिक संस्था द्वारा 17वां विशेष कार्यक्रम ‘उड़ान—नाम ही पहचान है’ का आयोजन वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में किया गया। जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिक सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यक्षेत्र के माध्यम से समाज में पहचान बनाने वाले लोगों को सम्मानित करना तथा नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर डॉक्टर, टीचर्स, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, एडवोकेट, चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कुल 40 व्यक्तित्ववों को सम्मानित किया गया।
सिंधी भाषा पर प्रश्नोत्तरी भी
सिंधी बोली और सिंधी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम में सिंधी भाषा से जुड़े विषयों पर प्रश्नोत्तरी सत्र भी संचालित किया गया। जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागी हो यह संदेश दिया कि अपनी मातृभाषा और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस कार्यक्रम में ‘पीढ़ी दर पीढ़ी साथ रहे’ की भावना को भी प्रमुखता दी गई। संस्था का प्रयास है कि परिवारों में आपसी प्रेम, संस्कार, सम्मान और एकता बनी रहे तथा नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी रहे।
आयोजन में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्दर देवानी के साथ अंकित रोहरा, नितिन माथा, मनोहर टकरानी, मनीष पंजवानी, मनोहर डंगवानी व गोवर्धन दास साहनी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
महिला टीम ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला विंग अध्यक्ष दिव्या आडवाणी, महामंत्री सिमरन चावला, सलाहकार व प्रवक्ता सुनीता देववानी, कार्यकारी अध्यक्ष सिमरन बजाज के साथ पूरी महिला टीम ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। महिला टीम में रीना तलरेजा, कंचन लालवानी, सपना कुकरेजा, भावना शर्मा, मनीषा आडवाणी, रेखा भोजवानी, चांदनी सियानी, ममता रोहड़ा, ज्योति चंदवानी, सावित्री बजाज, काजल विरानी, प्रिया अमलानी, रेखा तोलवानी, भारती अमलानी, कविता मोटवानी, पूनम चावला, मंजू मदानी, चंचल इसरानी सहित पूरी टीम की सक्रिय सहभागिता रही।
सिंधी समाज के सेवादार किशोर आहूजा को विशेष सम्मान
समाज के विभिन्न वर्गों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को एक बड़े सामाजिक मिलन का रूप दे दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानित अतिथियों, समाजजनों और संस्था की टीम में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर समाजसेवा के लिए सिंधी समाज के सेवादार किशोर आहूजा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सहयोग एक सामाजिक संस्था: एक पहचान
सहयोग एक सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्दर देवानी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी, संस्कार, प्रतिभा का सम्मान और आपसी एकता को मजबूत करना है।
‘उड़ान—नाम ही पहचान है’ इसी सोच का एक प्रयास है, जिसमें समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों को सम्मान देकर नई पीढ़ी को यह संदेश दिया गया कि मेहनत, प्रतिभा और अच्छे कार्य की पहचान समाज जरूर करता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सहयोग एक सामाजिक संस्था की पूरी टीम ने सभी सम्मानित अतिथियों, समाजजनों एवं उपस्थित परिवारों का आभार व्यक्त किया।