छत्तीसगढ़ • रायपुर

अग्रवाल सभा के हेल्थ कैंप में सैकड़ों ने पाया स्वास्थ्य समाधान

अग्रसेन जयंती महोत्सव:

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

 500 से ज्यादा हुए लाभान्वित

रायपुर। श्रीअग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा श्रीसालासर मंदिर परिसर, श्रीसालासर धाम में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक संचालित इस शिविर का 500 से अधिक लोगों ने लाभ लिया। अग्रवाल सभा के मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के साथ-साथ सभी जाति, धर्म एवं वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर में देश के प्रख्यात सुपर स्पेशलिस्ट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से संबंधित नि:शुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ, डायबेटोलॉजिस्ट, आॅथोर्पेडिक्स, डेंटिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, बाल रोग विशेषज्ञ, साइकियाट्रिस्ट, जनरल फिजिशियन, यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट एवं फिजियोथेरेपिस्ट सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस कैंप में 25 से अधिक प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लोगों को नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया। इनमें ब्लड की विभिन्न जांच- ईसीजी, बीपी एवं शुगर जांच, एक्स-रे, नि:शुल्क दवाएं, फिजियोथेरेपी, नेत्र, नि:शुल्क चश्मे, दंत जांच एवं दवा, बच्चों के लिए विशेष ओपीडी एवं काउंसलिंग सहित अनेक स्वास्थ्य सेवाएं शामिल रहीं।

100 से अधिक जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे

नेत्र जांच के बाद 100 से अधिक जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे दिए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने परामर्श प्राप्त कर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई और एउपचार संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन लिया।

अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है। इसी भावना के साथ यह स्वास्थ्य शिविर सभी के लिए पूर्णत: नि:शुल्क रखा गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की मूलभूत आवश्यकता है और इस दिशा में सेवा करना समाज की जिम्मेदारी है।

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण है। जरूरतमंदों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श, जांच एवं दवाइयों की सुविधा मिलना सराहनीय पहल है। उन्होंने अग्रवाल सभा को इस जनसेवा कार्य के लिए बधाई दी।

इनकी रही सक्रिय भागीदारी

यह स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम प्रभारी सीए गोपाल अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल एवं दीपक गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता से सफल रहा। यह आयोजन डॉ. कमलेश्वर अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. प्रदीप अग्रवाल व डॉ. जितेंद्र सराफ के विशेष सहयोग से हुआ। जिसमें मनमोहन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, सतपाल जैन, किसान अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, योगी अग्रवाल, जे.पी. अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, संजय चौधरी, संजय अग्रवाल, राजेश हैलीवाल, शैलेश अग्रवाल, राम अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी व सदस्य सक्रिय रूप से सहयोगी रहे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी